मियामी। अमेजन का एक मालवाहक विमान रविवार को मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे से आगे निकल गया। इसके बाद विमान कुछ वाहनों से टकरा गया और उसमें आग लग गई। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई।
मियामी-डेड काउंटी के अधिकारियों ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से आया विमान अपराह्न करीब दो बजे हवाई अड्डे पर उतरा था। लैंडिंग के बाद विमान रनवे से आगे निकल गया और वाहनों से टकरा गया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दो अन्य को अपेक्षाकृत कम गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि मृतकों में विमान में सवार लोग शामिल थे या वे उन वाहनों में थे, जिनसे विमान टकराया।
कॉकपिट में फंसे थे पायलट और सह-पायलट
मियामी-डेड बचाव अग्निशमन प्रमुख रे जडाल्ला ने बताया कि हादसे के बाद आसमान में घना काला धुआं छा गया। पायलट और सह-पायलट कॉकपिट में फंस गए थे, जबकि कुछ लोग कारों के अंदर फंसे थे। एक अन्य व्यक्ति वाहन के नीचे फंस गया था।हादसे के कारण मियामी के व्यस्त हवाई अड्डे पर दोपहर के समय उड़ानें रोक दी गईं। जडाल्ला ने बताया कि हादसे के कई घंटे बाद भी विमान से ईंधन का रिसाव हो रहा था और दमकलकर्मी स्थिति से निपटने में जुटे थे।
32 साल पुराने बोइंग 767 की जांच
यह उड़ान नॉर्थ कैरोलाइना स्थित मालवाहक विमानन कंपनी 21 एयर द्वारा संचालित की गई थी। उड़ान पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार, 32 साल पुराने बोइंग 767 विमान को मूल रूप से यात्रियों को ले जाने के लिए बनाया गया था। विमान ने दो दशक से अधिक समय तक कई विमानन कंपनियों के लिए उड़ान भरी। वर्ष 2015 में इसे मालवाहक विमान में बदल दिया गया था। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) ने बताया कि वह हादसे की जांच के लिए मियामी में एक टीम भेज रहा है। टीम का नेतृत्व बोर्ड की अध्यक्ष जेनिफर होमेंडी करेंगी। अमेजन ने एक बयान में कहा कि वह किसी भी जांच में सहयोग के लिए तैयार है। कंपनी ने हादसे में पांच लोगों की मौत पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों और इस घटना से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।





