सैकड़ों मरीजों ने उठाया निशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ
लखनऊ। आशियाना स्थित श्री 1008 भगवान महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर के परिसर में आशियाना जैन मंदिर औषधालय में रविवार को मेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। आनंदमय पावन वषार्योग समिति के तत्वावधान में आयोजित शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक औषधियां लिखीं। शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग, ईएनटी, पेट एवं मूत्र रोग, त्वचा रोग तथा सामान्य रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। प्रमुख रूप से डॉ. प्रमोद कुमार (कार्डियोलॉजी), डॉ. संजय सिंह (आॅथोर्पेडिक), डॉ. मनोज मिश्रा (ईएनटी), डॉ. हिमांशु गुप्ता (फिजिशियन) एवं डॉ. मोनिका नारायण (गाइनेकोलॉजिस्ट) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। स्वास्थ्य शिविर में मरीजों के लिए बीपी, शुगर, बीएमडी, पीएफटी, वजन, आंखों की जांच एवं ईसीजी सहित विभिन्न जांचें भी निशुल्क की गईं। शिविर का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। यह स्वास्थ्य शिविर प्रात: 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित हुआ। कार्यक्रम को पूज्य उपाध्याय श्री वीहसंत सागर जी मुनिराज का विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा। शिविर के सफल आयोजन में चंद्रप्रकाश जैन, अखिलेश जैन, अजय जैन, आदिश जैन, शरद जैन, मनोज जैन सहित जैन समाज के अनेक लोगों ने सहयोग प्रदान किया।





