back to top

आधी रात जन्मे सृष्टि के पालनहार, कान्हा के जयघोष से गूंजा शहर

राजधानी में हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, आधी रात मंदिरों व घरों में जन्में कान्हा, डिजिटल झांकी ने मनमोहा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कान्हा का जन्मदिन यानि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनायी गयी। गंगा जमुनी रंग को अपने आंचल में समेटे शाम-ए-अवध श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उल्लास में मुस्कुरा उठी। शाम ढलने के साथ शुरू हुआ उल्लास देर रात तक चरम पर पहुंच गया। आधी रात मंदिरों से लेकर घरों में जब कान्हा का जन्म हुआ तो हर तरफ नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की…जयकारे से पूरा शहर गूंज उठा। हर कोई कान्हा की जय-जयकार के साथ उनके दर्शन को आतुर दिख रहा था। राजधानी के पुलिस लाइन में भी जन्माष्टमी धूमधाम से मनायी गयी। इस मौके पर मनमोहक झांकी ने हर किसी का दिल जीत लिया।

जेलों में जन्माष्टमी पर सजावट और झांकी:
जिला कारागार, आदर्श कारागार और नारी बन्दी में जन्माष्टमी पर महिला और पुरुष बंदियों ने बैरकों में सजावट की और झांकी बनायी। लाइटिंग की व्यवस्था की गई। भारी संख्या में बन्दियों ने व्रत रखा। जिला जेल की महिला बैरक में बन्द महिला बन्दियों ने बच्चों संग जन्माष्टमी अलग तरह से मनाई। बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण और राधा की पोशाकें पहनाईं। पूजा अर्चना की।

इस्कान मंदिर में कान्हा की भव्य आरती संग लगा 256 भोग:
प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रीश्री राधा रमण बिहारी मंदिर इस्कान सुशांत गोल्फ सिटी में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर के कपाट खुलते ही भक्तों की भीड़ जमा होने लगी। मंगला आरती, तुलसी आरती, गुरु पूजा, श्रृंगार आरती के बाद अविरल भजन कीर्तन होते रहे। इस मौके पर हरे राम हरे कृष्ण की धुन भक्त थिरकते नजर आए। जन्माष्टमी के अवसर पर लोक गायिका मालिनी अवस्थी द्वारा भजन गायन, जरी मोती मणि माणिक की विशेष पोशाक वृंदावन के विशेष कारीगरों द्वारा निर्मित से श्री श्री राधा रमण बिहारी जी का मनमोहक श्रंगार किया गया। रात आठ से नौ बजे तक अभिषेक हुआ। महा आरती मध्य रात्रि 12 बजे की गयी और 256 भोग का भोग लगाया गया।

सत्य मंदिर में मना जन्माष्टमी का पर्व:
सिद्ध शक्ति पीठ सत्य मंदिर में इस वर्ष का श्रीकृष्ण जन्मोत्सव भक्ति, ज्ञान और कर्म के अद्वितीय संगम के रूप में सम्पन्न हुआ। जन्माष्टमी के अवसर पर सिद्ध शक्तिपीठ सत्य मंदिर एवं विश्वात्मा मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित भव्य झांकियां सजाई गईं। इन अद्भुत सजावटों ने श्रद्धालुओं को मानो द्वापर युग में पहुंचा दिया। भगवान की अलौकिक झांकी का अनावरण दिव्य शक्ति मां पूनम जी एवं योगीराज श्री अभिनव महाराज जी ने किया। अपने प्रेरक प्रवचन में दिव्य शक्ति मां पूनम जी ने कहा भगवान श्रीकृष्ण की कृपा पाना केवल जन्माष्टमी मनाने से नहीं होता। सत्य और धर्म की रक्षा, प्राणीमात्र की सेवा, और अधर्म के विरोध में खड़ा होना ही सच्ची भक्ति है।

चौक में जन्माष्टमी की अलग ही रौनक:
पुराने लखनऊ में 100 वर्ष से अधिक प्राचीन भगवान श्रीकृष्ण की छह हवेलियां हैं, जिसमें सबसे प्राचीन श्री मदनमोहन हवेली है, जो चूड़ी वाली गली में है। चौपटियां की खेतगली में सवा सौ पुराना श्री राधिका नाथ जी ठाकुरद्वारा है। यहां 7 को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर विशेष झांकी सजाई गयी। यहीं पर कुंदन लाल ठाकुरद्वारा भी है। यहियागंज के श्री बिहारी जी मंदिर में भी जन्माष्टमी पर भक्तों की भीड़ उमड़ी।

हर घर जन्में कान्हा:
शहर में हर ओर श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम रही। घरों में लोगों ने विधि विधान से श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। आशियाना में अंजू रघवंशी ने घर में दरबार सजाकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया। खीरे में प्रतीक स्वरूप उनका जन्म किया गया। विकास नगर की माया आनंद ने घर में झांकी सजाई और कान्हां को पालने में झुलाकर पूजन किया। इंदिरानगर निवसी सिद्धि जायसवाल ने घर में ही पूजन के साथ ही भजन गाकर उत्सव मनाया। महानगर में अनुराधा के घर झांकी सजाई गई तो बंगलाबाजार में सुनील गुप्ता ने घर में ही पूजन किया।

शहर में जगह-जगह बाल रूप में दिखे कान्हा:
राजधानी के विभिन्न जगहों पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बालक -बालिकाओं ने श्रीकृष्ण का रूप धारण किया वहीं बालिकाओं ने राधा का रूप धरणा कर मनमोहक दृश्य दिया। बेबी गौरी ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप के दर्शन कराये और सभी भक्तों ने दर्शन कर श्रीकृष्ण की जयकारे लगाये। जयकारों से पूरा श्रीकृष्ण दरबार गूंज उठा। कृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम में बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के भजन गाये और राधे राधे बोल श्याम भागे चले आयेंगे, मुख देखन हों आई लाल को, वृंदावन का मोर बनू गाऊ मैं तो राधे राधे, तेरे लाला ने माटी खाई जसोदा सुन माई, मेरी लगी श्याम संग प्रीत गाने पर नृत्य कर जन्माष्टमी पर्व को धूमधाम से मनाया।

श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर पूजा अर्चना :
शुक्रवार को चौक कोतवाली स्थिति श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गयी। सर्व प्रथम श्री कृष्ण जी को स्नान कराया, नये वस्त्र धारण करने के बाद विषेश श्रंगार किया गया। श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर के महंत विशाल गौड़ के नेतृत्व में यह आयोजन किया गया। महंत ने बताया कि प्रभु श्रीकृष्ण हमें न्याय, नीति, संतुलन, साहस और बुद्धिमत्ता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उनका व्यक्तित्व हमें सिखाता है कि चाहे परिस्थितियां कितनी भी विपरीत हों, सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहना ही सच्ची जीत है। गीता में उनके द्वारा दिए गए उपदेश हमें जीवन की जटिलताओं को समझने और उनका सामना करने की शक्ति प्रदान करते हैं। जन्माष्टमी पर मंदिर में सांयकाल से ही भजन कीर्तन का आयोजन शुरू हो गया था, जो श्री कृष्ण के जन्म यानि रात 12 के बाद तक जारी रहा। इस अवसर पर राधा रानी और श्री कृष्ण की आरती उतारी और 56 भोग श्री कृष्ण को लगाया गया। जन्मोत्सव में भारी संख्या में श्री कृष्ण भक्त सम्मिलित हुए।

जग में सुंदर हैं दो नाम चाहे कृष्ण कहो या राम…:
श्री रामलीला समिति के मीडिया प्रभारी देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि रामलीला समिति महानगर द्वारा इस वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्री कृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया गया इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की अनाड़ी एवं साथियों की टीम ने भजन एवं नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी। साथ ही रामलीला समिति के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति ललित भट्ट द्वारा गाया गया भजन जग में सुंदर हैं दो नाम चाहे कृष्ण कहो या राम… ने दर्शकों को थिरकने के लिए मजबूर कर दिया। अशोक मिश्रा द्वारा बहुत सुंदर शिव स्तुति की प्रस्तुति दी गई। बांसुरी वादक किशोर कुमार श्रीवास्तव द्वारा कान्हा तेरी बंसी की धुन अपनी बांसुरी के द्वारा सुनाई गई ।
———————-
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए उमड़े भक्त

श्री श्याम मंदिर में भक्तों का सैलाब
लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री श्याम मंदिर में शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भगवान श्रीकृष्ण और श्री श्याम के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए मंदिर को देशी-विदेशी फूलों से आकर्षक फूल बंगला के रूप में सजाया गया । रंग-बिरंगी इलेक्ट्रॉनिक झालरों और गुब्बारों से की गई सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग अर्पित किया गया। राज्यसभा सांसद डॉ दिनेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा भी श्री श्याम मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीकृष्ण से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। श्री श्याम परिवार के महामंत्री रुपेश अग्रवाल ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में 101 किलो मेवा मिल्क केक काटा गया। मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म के समय मेघों की गर्जना और वर्षा के वातावरण का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया गया। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण होगा और खुशी में आतिशबाजी भी किया गया।
– – – – – – – – – – – – – –
नंद घर खुशियां अपार, कान्हा जी ने जन्म लियो…
लखनऊ। डालीगंज स्थित श्रीमाधव मंदिर में लल्ला को सुनकर मैं आयी यशोदा मैया दे दो बधाई….मेरौ मन अनंत सुख पावै, भजनों संग श्री कृष्ण प्राकट्योत्सव पर श्रीराधामाधव भव्य फूलों का श्रंगार, हुमा साहू एंड ग्रुप के कलाकारो द्वारा महारास, इलेक्ट्रॉनिक झालरो व 5000 गुब्बारें का डेकोरेशन, दक्षिणावर्त श्रीलक्ष्मी शंख से भगवान श्रीकृष्ण का पंचाभिषेक, 56 प्रकार के भोग, दही हाडी फोडने, श्री कृष्ण जन्माउत्सव पर भजन गायक धनंजय मित्तल, नितीश सिंह के भजनों की वर्षा, लॉर्ड कृष्णा संग सेल्फी प्वाइंट तथा आनंद उत्सव पर खुशी में जमकर प्रसाद लुटाने का कार्यक्रम ब्रज की तर्ज पर आयोजन किया गया ये जानकारी संयोजक अनुराग साहू ने दिया।

भजनों का गुलदस्ता किया पेश:
संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि नृत्यांगना हुमा साहू एंड ग्रुप द्वारा मनमोहक श्री लीलाओं पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया वही लखनऊ शहर के श्री कृष्णा जन्माष्टमी उत्सव सूफियान अंदाज में सूफी भजन गायक धनंजय मित्तल, नितीश सिंह ने शमा बांधते हुए भजन सर झुकाना अगर जुर्म होगा, हम निगाहों से सजदा करेंगे…, देखा अजब नजारा, दरबार में कन्हैया’, एक मैं हूं कभी शुक्रिया ना किया, एक तुम हो जो रहमत किए जा रहा…,जो तुमको भूल जाए, वह दिल कहां से लाए…,कृपा की ना होती जो आदत तुम्हारी… भजनों का गुलदस्ता पेश किया।
माधव मन्दिर के एफबी पेज राधामाधवएलकेओ से घर बैठे भक्तो ने लाइव दर्शन किया राकेश साहू ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मष्टमी का सीधा प्रासरण किया गया श्री राधामाधव के श्वेताम्बर बनारसी वस्त्रों, चॉदी के मुकूट धारण किये आलौकिक दर्शन व जन्म से पहले दक्षिणावर्त श्रीलक्ष्मी शंख से भगवान श्रीकृष्ण का पंचाभिषेक बिहारी लाल साहू, कंचन साहू, भारत भूषण गुप्ता, श्याम जी साहू, राकेश साहू, गोविन्द साहू के साथ पुजारी लालता प्रसाद जी के मंत्र उच्चरण के साथ अभिषेक किया तथा मध्य रात्रि भव्य महाआरती किया गया जिसका दर्शन लगभग पॉच सौ अधिक भक्तो ने घर बैठे दर्शन के साथ अपने मित्रो को शेयर किया।
देशी विदेशी फूलों का श्रृंगार के साथ पूरें मन्दिर परिसर में एल.इ.डी, तेजर लाइटो व इलेक्टानिक झालरो से जगमागता श्री माधव मन्दिर बाहर का परिसर तथा अनन्द जन्मोत्सव की थीम पर 5000 गुब्बारें का डेकोरेशन बच्चे व लोगो को अपनी ओर आकर्षित कर रहा था। श्री राधा माधव सेवा संस्थान के सदस्य बिहारी लाल साहू, भारत भूषण गुप्ता, धनश्याम दास अग्रवाल, गोविन्द साहू, श्यामजी साहू, ओमकार जायसवाल, राकेश साहू, मनोज साहू, दिनेश अग्रवाल, दीपक महरोत्रा, माया आनंद ने 56 प्रकार के भोग की झांकी में लडडू, बर्फी, रसगुल्ला स्वीठर्स से लेकर ड्राई फ्रुडर्स, फल केला, आम, अनार, अंगूर, इस प्रकार के 56 भोग संस्था के सदस्यों द्वारा लगाया गया।

ग्वालों ने मटकी फोड़ी:
श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर भव्य महाआरती के बाद पंचमेल प्रसाद वितरण किया गया। फिर यहा दही हाडी फोरी गयी जो कि 15 फिट की ऊचाई पर 15 ग्वालो के साथ प्रभु श्रीकृष्ण रुपी निकुंज साहू ने ग्वालो पर चढकर मटकी फोरी।

 

RELATED ARTICLES

माताओं ने पुत्रों की दीर्घायु के लिए रखा हलछठ व्रत

लखनऊ। शहर में बुधवार को हलछठ का पर्व श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। हलछठ का व्रत माताओं द्वारा पुत्रों की दीघार्यु के...

अखंड सौभाग्य के लिए सुहागिनों ने रखा कजरी तीज का व्रत

लखनऊ। पति की दीघार्यु और समृद्धि की कामना के पर्व कजरी तीज पर सोमवार को महिलाओं ने व्रत कर भगवान शंकर और माता पार्वती...

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 4 को, विशेष योग में आधी रात जन्मेंगे कान्हा

लखनऊ। सनातन परंपरा में भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य दिवस के रूप में मनाया जाता है,...

शिव मंदिर पंतनगर में गूंजा जय श्रीकृष्ण का जयघोष

भव्य भजन संध्या में उमड़े श्रद्धालु लखनऊ। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पंतनगर सांस्कृतिक समिति, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में 4 सितंबर 2026 को...

भक्तों ने देखा श्रीकृष्ण का गोकुल भ्रमण के संग माखन चोरी की लीला

न्यू गणेशगंज में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं डिजिटल मूविंग झांकियों का शुभारंभ लखनऊ। मित्तल परिवार की ओर से अमीनाबाद रोड स्थित न्यू गणेशगंज में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव...

भातखण्डे की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह पुन: तीन वर्ष के लिए कुलपति नियुक्त

लखनऊ। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह को राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल द्वारा पुन: तीन वर्ष की अवधि...

जैन मंदिर निर्माण के लिए शिखर व वेदी पूजन संपन्न

सआदतगंज के प्राचीन दिगंबर जैन मंदिर का होगा भव्य नवनिर्माण, करीब 7,000 वर्गफुट में बनेगा नया मंदिर लखनऊ। सआदतगंज स्थित चूड़ी वाली गली के श्री...

सीएम योगी ने शिक्षक दिवस पर राज्य के सभी शिक्षकों और गुरुजनों को शुभकामनाएं दीं

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य के सभी शिक्षकों और गुरुजनों को शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने शनिवार...

शिक्षक दिवस पर पीएम मोदी का संदेश, छात्रों को नशे की बुराई के प्रति जागरूक करें शिक्षक

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिक्षकों से छात्रों को नशे की बुराई के प्रति जागरूक करने और उनके स्क्रीन टाइम को कम करने...