सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य की हालत गंभीर है। सागर की जिलाधिकारी प्रतिभा पाल के अनुसार, मामले की शुरुआती जांच में उत्तर प्रदेश के ललितपुर से शराब की तस्करी की बात सामने आई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अब तक जितने भी संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले की जांच का आदेश देते हुए कहा कि सरकार इसमें सख्त कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आबकारी विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया, जबकि एक अधिकारी को जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया। इसके अलावा, बंडा थाना प्रभारी और गूगरा चौकी प्रभारी को भी निलंबित किया गया है।
वहीं, कांग्रेस ने पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में शराब माफिया बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहे हैं। मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने सवाल किया, ‘आखिर मध्यप्रदेश में अवैध शराब का कारोबार कब रुकेगा? किसके संरक्षण में यह जहरीला कारोबार फल-फूल रहा है?’





