रंगारंग कार्यक्रमों संग खादी और पीएमईजीपी प्रदर्शनी संपन्न
लखनऊ। राज्य कार्यालय खादी और ग्रामोद्योग आयोग लखनऊ के तत्वावधान में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय विशाल खंड गोमती नगर के प्रांगण में चल रही राज्य स्तरीय खादी और पीएमईजीपी प्रदर्शनी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों संग फिर मिलने के वादे के साथ विदा हुई।
कार्यक्रम का शुभारम्भ आर. जी. गुप्ता ने अपनी सुमधुर आवाज में राम स्तुति से कर किशोर कुमार के गाए सदाबहार गीतों को सुनाकर श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया। इसी क्रम में सुमेर सरगम ने अपनी खनकती हुई आवाज में भोजपुरी गीतों की रस सरिता प्रवाहित की।
मन को मोह लेने वाली इस पेशकश के बाद मधु सिंह की कोरियोग्राफी में साड़ी-शूट राउण्ड में डिम्पल भारती, दिव्या भारती, सिमरन वर्मा, माही मिश्रा, पूजा और मधु ने रैम्प पर कैटवॉक कर लोगों को खादी के वस्त्र पहनने के लिए प्रेरित किया।
इसके पूर्व राज्य स्तरीय खादी और पीएमईजीपी प्रदर्शनी का उद्घाटन डॉ नितेश धवन राज्य निदेशक खादी और ग्रामोद्योग आयोग और राजीव त्यागी उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर आठ प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खादी के 80 स्टाल धारकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में लोकमान मिश्र डीन केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय आशुतोष सिंह, जयश्री ताल्लुकदार, प्रशांत मिश्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के अलावा तमाम स्टाल धारक मौजूद थे।





