लखनऊ । दुबग्गा के हैयात नगर में अवैध रूप से निर्मित किये जा रहे 01 व्यावसायिक कॉम्पलेक्स पर सोमवार को एलडीए का बुलडोजर चला। कार्रवाई के दौरान अवैध भवन को ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा अलीगंज, इंदिरा नगर, चिनहट व बीबीडी थानाक्षेत्र में 08 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किये गये। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-5 एवं जोन-7 की टीम ने की।
प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि मोहम्मद हैदर व अन्य द्वारा दुबग्गा थानाक्षेत्र के बरावन कला के हयात नगर में लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड अवैध रूप से व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे उक्त निर्माण कार्य के विरूद्ध विहित न्यायालय ने ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये थे।
जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम ने सोमवार को स्थल पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि अलीगंज, इंदिरा नगर, चिनहट व बीबीडी थानाक्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान आलोक द्विवेदी, आरजी वर्मा, मोहम्मद सुफियान अख्तर, साउद, आशीष अग्रवाल, अनुराग, डॉ नितिन कुमार, करन व अन्य द्वारा अवैध रूप से किये जा रहे 08 व्यावसायिक निर्माण सील किये गये।





