मोटर वाहन और हाई-टेक सामान की मजबूत मांग से उछाल, अमेरिका को निर्यात में 34% की वृद्धि
बैंकॉक। चीन के निर्यात में अगस्त महीने में जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सालाना आधार पर निर्यात 25 प्रतिशत बढ़ा, जिससे देश का व्यापार अधिशेष भी बढ़कर 119.1 अरब डॉलर हो गया। सीमा शुल्क एजेंसी के मुताबिक, मोटर वाहन और उच्च प्रौद्योगिकी वाले उत्पादों की मजबूत वैश्विक मांग ने इस वृद्धि को गति दी है।
चीन के सीमा शुल्क विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में जहां निर्यात 23.9 प्रतिशत बढ़ा था, वहीं अगस्त में यह बढ़कर 25 प्रतिशत हो गया। इसी तरह आयात में भी तेजी बनी रही और यह 28.2 प्रतिशत बढ़ा, जो जुलाई के 27.5 प्रतिशत से अधिक है। इससे चीन का व्यापार अधिशेष बढ़कर 119.1 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो जुलाई के 112.5 अरब डॉलर से ज्यादा है।
अमेरिका को चीन का निर्यात अगस्त में सालाना आधार पर 34.4 प्रतिशत बढ़कर 42.5 अरब डॉलर हो गया। हालांकि, यह वृद्धि आंशिक रूप से पिछले साल अमेरिकी शुल्कों के कारण निर्यात में आई गिरावट के आधार प्रभाव की वजह से भी है। वहीं, अमेरिका से चीन का आयात 13.3 अरब डॉलर रहा, जिससे चीन के पक्ष में करीब 29.2 अरब डॉलर का व्यापार अधिशेष दर्ज हुआ।
यूरोपीय संघ को निर्यात में 6.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि दक्षिण-पूर्व एशिया और लैटिन अमेरिका के लिए निर्यात क्रमश: 30.2 प्रतिशत और 17.5 प्रतिशत बढ़ा। विशेषज्ञों का मानना है कि चीन का निर्यात लगातार आयात से अधिक बना हुआ है और इस साल व्यापार अधिशेष नए रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकता है।
आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में वाहनों का निर्यात 43 प्रतिशत और सेमीकंडक्टर का निर्यात 129.8 प्रतिशत बढ़ा। हालांकि, घरेलू स्तर पर चीन की अर्थव्यवस्था अब भी चुनौतियों का सामना कर रही है। रियल एस्टेट क्षेत्र के लंबे संकट के कारण खपत और निवेश में सुस्ती बनी हुई है।
इसी बीच, चीन सरकार ने अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सरकारी बैंकों और बीमा कंपनियों में करीब 54 अरब डॉलर डालने की घोषणा की है, ताकि बाजार में तरलता बढ़ाई जा सके और विकास को समर्थन मिल सके।





