तेमास्कालसिंगो (मेक्सिको)। मेक्सिको राज्य के तेमास्कालसिंगो कस्बे में धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री में विस्फोट हो गया। हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 64 अन्य घायल हुए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विस्फोट तेमास्कालसिंगो में ‘नुएस्त्रा सेनोरा दे ला लूज’ गिरजाघर के पास हुआ। धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी देखने के लिए सैकड़ों लोग वहां जुटे थे। विस्फोट के बाद इलाके में धुआं और मलबा फैल गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग मलबे के बीच जीवित लोगों की तलाश करते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय बिशप ने बताया कि घायलों में दो पादरी भी शामिल हैं। तेमास्कालसिंगो की आबादी करीब 66,000 है। यह कस्बा मेक्सिको सिटी से लगभग 160 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है।
विस्फोट के कारणों की जांच शुरू
अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। मेक्सिको राज्य के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मेक्सिको में धार्मिक उत्सवों और अन्य समारोहों में आतिशबाजी का इस्तेमाल आम है। ऐसे आयोजनों के दौरान विस्फोट की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। करीब चार साल पहले मध्यवर्ती हिदाल्गो राज्य के हुएहुतला नगरपालिका के एक गांव में आतिशबाजी के दौरान हुए शक्तिशाली विस्फोट में 17 लोग घायल हुए थे।





