लखनऊ। लक्ष्मण की नगरी की हर शाम निराली है। बुधवार को श्रीकृष्ण के छठोत्सव के उल्लास में लक्ष्मण नगरी मुस्कुरा उठी। लक्ष्मण नगरी में हर ओर शाम ढलने के साथ शुरू हुआ उल्लास देर रात तक चरम पर पहुंच गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को नंदलाल को पालने में झुलाने का अवसर भी दिया गया। यही नहीं मंदिरों की ओर से फेसबुक व सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म से भी आयोजन का प्रसारण कर श्रद्धालुओं को घर में ही दर्शन कराए गए। छठोत्सव के साथ ही श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आयोजन का समापन हो गया। कई जगह गुरुवार को छठी उत्सव मनाया जायेगा।
इन मंदिरों में भी हुई पूजा:
नाका के इस्कॉन मंदिर, आलमबाग के सनातन मंदिर में श्रीराम दरबार के बीच श्रीकृष्ण के अवतरण की झांकी का छठोत्सव के साथ समापन हुआ। रिजर्व पुलिस लाइन में मंदिर परिसर में सुरक्षा इंतजामों के साथ छठोत्सव मनाया गया। बंगलाबाजार के श्रीराम जानकी मंदिर और चंद्रिका देवी मंदिर में भी पूजन के साथ देर रात श्रीकृष्ण की आरती के साथ छह दिवसीय उत्सव का समापन हुआ। कानपुर रोड एलडीए कॉलोनी शनि मंदिर, इंद्रलोक कॉलोनी के इंद्रेश्चर मंदिर, मानस नगर के तुलसी मानस मंदिर, श्री संकट मोचन मंदिर के अलावा बड़ा व छोटा शिवाला, संदोहन देवी मंदिर व गुलाचिन मंदिर समेत सभी मंदिरों में पूजन के साथ छठोत्सव मनाया गया। वहीं घरों में भी छठोत्सच मनाकर श्रीकृष्ण की झांकी को विसर्जित की गई। आशियाना की अंजू रघुवंशी ने बताया कि घर में झूला बनाकर श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा की गई। परिवार के सभी लोगों ने मिलकर पूजन किया। कृष्णानगर की मानस नगर निवासी रंजना सिंह ने बताया कि पूजन और प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ।
गाजे बाजे के साथ निकली रामडोल झांकी शोभायात्रा
लखनऊ। भगवान श्रीकृष्ण की छठी के शुभ अवसर पर पल्टन छावनी में स्थित श्रीराधाकृष्ण मन्दिर से बुधवार शाम गाजे बाजे के साथ रामडोल झांकी शोभायात्रा निकाली गई। हाथी घोड़ा पालकी, जै कन्हैया लाल की के जयकारों के बीच मन्दिर परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा सेक्टर ए सीतापुर रोड योजना कालोनी, पल्टन छावनी, आदिशक्ति मां विन्ध्याचल देवी मन्दिर, सेक्टर-क्यू व राम-राम बैंक चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस मन्दिर परिसर पहुँचकर समाप्त हुई। जगह-जगह भक्तों ने शोभायात्रा का स्वागत व भगवान श्रीकृष्ण की आरती की। जिसके पश्चात् आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ो भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। शोभायात्रा में आयोजक ओम प्रकाश यादव व अमित यादव, सत्य प्रकाश मिश्रा, रेखा यादव, मालती यादव, संजू, शम्भू शरण वर्मा सहित काफी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।
राम प्यारी राधा कृष्ण मंदिर में धूमधाम से मनाई गई छठी उत्सव
लखनऊ। भगवान कृष्ण का छठी उत्सव बुधवार को याहियागंज स्थित राम प्यारी राधा कृष्ण मंदिर में धूमधाम से मनाया गया। छठी उत्सव पर त्यागी परिवार की ओर भजन कीर्तन संध्या का आयोजन किया गया। महिला कीर्तन मंडली ने भक्तिमय भजनों से भक्तों को आनंदित किया। कार्यक्रम के समापन पर भगवान का भोग लगा हुआ प्रसाद वितरण किया गया। याहियागंज के राम प्यारी राधा कृष्ण मंदिर में पिछले पांच दिनों से क्षीर सागर में हजारों फण वाले शेषनाग की शय्या पर विश्राम करते श्रीकृष्ण एवं सुदर्शन चक्र वाले सिंहासन पर विराजमान राधा कृष्ण की मनमोहक स्वचालित झांकी भक्तों अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। खास बात झांकी के लिए मंदिर को अमरनाथ गुफा में परिवर्तित कर दिया था जिसमें बर्फ के विशाल का पहाड़, रंगबिरंगी लाइटों एवं फूलों से सजाया गया था। कार्यक्रम संयोजक अजय त्यागी ने बताया कि हजारों की संख्या झांकी देखने प्रतिदिन भक्तगण आ रहे है।
मनकामेश्वर मंदिर धूमधाम से मनायी गयी भगवान की छठी
लखनऊ। मनकामेश्वर मंदिर की महंत दिव्यागिरी महाराज के गद्दी पर आसीन होने के 18 वर्ष पूर्ण होने के सुअवसर पर आज मठ में भव्य ‘गद्दी दिवस’ व भगवान की छठी समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर को अलौकिक रूप से सजाया गया और दिनभर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।
इसी पावन अवसर पर लड्डू गोपाल जी की पारंपरिक ‘छठी’ का उत्सव भी बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बाल रूप और कृष्ण वेशभूषा में सजे ‘बाल कृष्ण गोरक्ष’ की उपस्थिति ने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान की छठी पूजन संपन्न हुआ और महंत दिव्यागिरी महाराज की विशेष आरती उतारी गई। आरती के पश्चात परंपरा का निर्वहन करते हुए महंत दिव्यागिरी महाराज ने दही की मटकी तोड़ी, जिस पर पूरा परिसर जय श्री कृष्णा और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर भगवान को विशेष कढ़ी-चावल और माखन-मिश्री का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। महंत दिव्यागिरी महाराज ने भक्तों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि पिछले 18 वर्षों से गद्दी की सेवा और धर्म की रक्षा का जो उत्तरदायित्व उन्हें मिला है, वह महादेव और जनता के स्नेह का परिणाम है। इस कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति, साधु-संत और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कान्हा की छठी पर निकली भव्य पालकी यात्रा
लखनऊ। नगर पंचायत अमेठी में बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण की छठी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कन्हैया जी की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। पूरे नगर में जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की और नंद घर आनंद भयो के जयघोष गूंजते रहे। भव्य पालकी यात्रा का शुभारंभ शहजादपुर स्थित श्री राम-जानकी ठाकुरद्वारा से हुआ। इसके बाद विभिन्न मंदिरों की पालकियां क्रमवार यात्रा में शामिल होती गईं। श्री हनुमान मंदिर शहजादपुर, श्री राधा-कृष्ण मंदिर, श्री राधा-कृष्ण ठाकुरद्वारा, श्री राम-जानकी मंदिर बाजार, श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर मुंशीगंज तथा बरुआ की कृष्ण पालकी यात्रा में शामिल हुईं। पालकी यात्रा जैसे-जैसे नगर के विभिन्न मार्गों से होकर आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर पालकी का स्वागत किया। महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और पेयजल की व्यवस्था भी की। पालकी यात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर नाचते-गाते नजर आए। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभालने के साथ ही पालकी यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग किया। आयोजकों ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की छठी का आयोजन क्षेत्र में वर्षों से श्रद्धा और परंपरा के साथ किया जा रहा है। पालकी यात्रा के माध्यम से लोगों को भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उनकी लीलाओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। देर शाम तक नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।





