रिया यादव ने नृत्य गायन स्पर्धा में मारी बाजी, दही हांडी प्रतियोगिता में खालसा ग्रुप बनी विजेता
लखनऊ। मित्तल परिवार की ओर से अमीनाबाद रोड स्थित न्यू गणेशगंज में श्रीकृष्ण छठी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। झांकी संयोजक अनुपम मित्तल ने बताया कि शहर की एकमात्र डिजिटल मूविंग जन्माष्टमी झांकी में बरसाना होली का दृश्य दिखाया गया। वहीं सांस्कृतिक मंच पर राधा कृष्ण की फूलों की होली के अलावा रोहित ग्रुप ने भक्तिमय गीतों पर नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ आज बृज में होली रे रसिया, होली खेले रघुवीरा अवध में… पर राधा कृष्ण रूपी बच्चों ने भक्तों के संग फूलों की होली खेल वातावरण को भक्तिमय बना दिया। 20 फीट ऊंची दही हांडी प्रतियोगिता खालसा ग्रुप की टीम ने जीता। नृत्य-गायन स्पर्धा में रिया यादव को प्रथम, परी श्रीवास्तव को द्वितीय तथा शिवांशी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति ने नृत्य गायन स्पर्धा के विजयी बच्चों के संग सभी प्रतिभागी बच्चों, दही हांडी प्रतियोगिता के विजेता टीम को स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार से सम्मानित किया। सांस्कृतिक संध्या के दूसरे चरण में रोहित ग्रुप ने गणेश वंदना, शंकरजी का तांडव, हनुमानजी का राम से बड़ा राम का नाम, राधा-कृष्ण का मयूर नृत्य पर नृत्य नाटिकाओं की मनमोहक प्रस्तुति देकर भक्तजनों को मंत्र मुग्ध कर दिया। डिजिटल मूविंग जन्माष्टमी झांकी में राधा व गोपियां श्रीकृष्ण के साथ होली के मस्ती भरे गीतों पर नृत्य कर रही है। नृत्य करते हुए राधा कृष्ण पर ग्वाल वालों की टोलियां ने रंग गुलाल उड़ाकर एवं पिचकारियों से रंगों की बौछार कर बरसाना की होली का आनंद ले रहे है। इस मौके पर डिजिटल मूविंग झांकियों, झांकी स्थल में खूबसूरत लाइटिंग के लिए अग्रवाल इलेक्ट्रिकल, चौक के अंकुर एवं सतीश लाइट हाउस के सतीश कश्यप, स्वचालित झांकियों के मूर्तिकार पवन चौरसिया को क्षेत्रीय पार्षद शशि गुप्ता, गिरीश गुप्ता, श्रवण अग्रवाल तथा अनुपम प्रकाश ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। वहीं अन्य झांकियों में झूला झूलते राधा कृष्ण, बाबा अमरनाथ, हनुमान जी के हृदय में राम सीता, बंदर का खेल दिखाते मदारी, सांप का नाच दिखाते सपेरा, माखन चोरी करने पर कान्हा को छड़ी लेकर दौड़ाती माता यशोदा, शिवलिंग से गंगा अवतरण का सेल्फी कार्नर भी भक्तों को सम्मोहित कर रहा था। न्यू गणेशगंज झांकी स्थल को कोलकाता की एलईडी लाइट पैनल, झूमर, रंग बिरंगी झालरों एवं विशालकाय तोरण द्वारों पर श्रीकृष्ण व गणेश जी चित्र को अग्रवाल इलेक्ट्रिकल, चौक के अंकुर ने उकेरा।





