लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पर्व 4 सितंबर को मनाया जायेगा । कान्हा के जन्म के इस उत्सव को मनाने के लिए हर कोई लालायित है। घरों में इसकी तैयारी जोरों पर चल रही हैं। इस मौके पर कान्हा जरी मोती, मणि-माणिक की पोशाक पहनेंगे।महिलाओं ने अभी से झांकी एवं अन्य पकवान बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। दुकानों पर भी जन्माष्टमी का रंग छाने लगा है। शहर के प्रमुख दुकानों पर जन्माष्टमी पर्व की तैयारियां जोरों पर चल रही है। वहीं अमीनाबाद, आलमबाग, चौक, भूतनाथ मार्केट में लड्डू गोपाल के साथ विभिन्न लीलाओं की मूर्तियों के लिए खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। साथ ही ठाकुर जी के झूलों, सिंहासनों, ज्वेलरी व पोशाकों से सज गया है। सराफा बाजार में भी सोने-चांदी के गोपाल, बांसुरी की बिक्री बढ़ गई है। वहीं लखनऊ में रिजर्व पुलिस लाइन में कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी चल रही है। प्रत्येक वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रिजर्व पुलिस लाइन की जन्माष्टमी पर शामिल होते हैं। यहां मथुरा से आए कलाकार प्रस्तुति देते हैं। मंदिर की रंगाई पुताई और दीवारों पर पेंटिंग बनाने का काम चल रहा है।
सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्रीश्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन) में चार सितंबर को जन्माष्टमी महा महोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम दास ने बताया कि जन्माष्टमी पर वृंदावन के विशेष कारीगरों द्वारा निर्मित जरी, मोती, मणि और माणिक्य से सुसज्जित भव्य पोशाक में श्री श्री राधा रमण बिहारी जी का दिव्य शृंगार किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक भगवान का अभिषेक (दूध, दही, घी, शहद व 1008 पवित्र तीर्थों के जल से) होगा। इसके बाद रात में 10 से 12 बजे तक मुख्य पांडाल में महाअभिषेक होगा। भगवान को 256 प्रकार के व्यंजनों का छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। वहीं सांस्कृतिक पंडाल में शाम छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत होगी। इसमें मुकुन्दा रॉक बैंड की प्रस्तुति होगी। स्वागत नृत्य, भारतनाट्यम नृत्य, नाट्य प्रस्तुति के साथ ही संस्कारशाला के बच्चों द्वारा भी नाटक का मंचन किया जाएगा।
पांच को होगा श्रील प्रभुपाद चौक का उद्घाटन
पांच सितम्बर को श्रील प्रभुपाद जी की 130 वीं व्यास पूजा आविर्भाव महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान भक्तों द्वारा 256 प्रकार के भोग अर्पित किये जायेंगें। इसी दिन इस्कॉन मंदिर के दाहिने ओर लगभग 200 मीटर मुख्य मार्ग पर स्थिति चौराहे पर श्रील प्रभुपाद जी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। वहीं सुबह से पूजन, भजन कीर्तन, प्रभुपाद जी का अभिषेक आदि धार्मिक आयोजन होंगे। दोपहर तीन बजे नन्द उत्सव और दही हांडी इनामी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दोपहर दो बजे से विशाल भंडारा शुरू होगा।
भक्तों में बंटेगा लड्डू का प्रसाद
खाटू श्याम मंदिर में भी जन्माष्टमी पर भव्य आयोजन की तैयारी है। श्री श्याम परिवार के कार्यवाहक अध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने बताया कि मंदिर परिसर को झालरों से सजाया जाएगा। यहां झूला लगेगा और भगवान की भव्य झांकी सजाई जाएगी। भगवान के जन्म के बाद अभिषेक किया जाएगा। भक्तों को प्रसाद के लिए लड्डुओं के पैकेट बनवाए जाएंगे। सभी तैयारियों को आखिरी रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा द्वारिकाधीश मंदिर चौक के व्यवस्थापक उत्तम कपूर के अनुसार भगवान को 56 थाल में 56 भोग अर्पित किया जाएगा। साथ ही मथुरा के कलाकार भगवान के स्वरूप में लीलाएं प्रस्तुत करेंगे और भक्त फूलों की होली खेलेंगे। भगवान के विग्रह को बनारसी वस्त्र पहनाकर, आभूषणों व पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया जाता है।
गुब्बारों व झालरों से होगी सजावट, लगेगा 56 भोग
श्री राधा माधव मंदिर, डालीगंज के संयोजक अनुराग साहू ने बताया कि मंदिर में श्री कृष्ण प्राकट्योत्सव पर श्वेत बनारसी वस्त्रों, चांदी के मुकुट धारण कराकर श्री राधा-माधव का भव्य फूलों का श्रृंगार किया जाता है। मंदिर में दक्षिणावर्त श्री लक्ष्मी शंख से भगवान श्रीकृष्ण का पंचाभिषेक कर 56 भोग लगाया जाता है। इस बार 18 फीट की ऊंचाई पर दही-मटकी सजाई जा रही है। भगवान का पंचाभिषेक, भव्य महाआरती के बाद पंचमेल प्रसाद वितरण होगा। इसके अलावा मंदिर को गुब्बारों व झालरों से सजाया जायेगा।
देशी-विदेशी फूलों से सजेगा कान्हा का दरबार
लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्री श्याम परिवार की ओर से भव्य जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर को देशी-विदेशी फूलों से आकर्षक फूल बंगला के रूप में सजाया जाएगा। इसके साथ ही रंग-बिरंगी लाइट झालरों और गुब्बारों से विशेष सजावट की जाएगी। श्री श्याम परिवार के महामंत्री रुपेश अग्रवाल ने बताया कि जन्मोत्सव के दौरान श्री श्याम परिवार के सदस्यों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में 101 किलो का मेवा मिल्क केक काटा जाएगा। मध्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मेघों की गर्जना और वर्षा के वातावरण का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य अनुभूति कराई जाएगी। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में आतिशबाजी भी की जाएगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। श्री श्याम परिवार के कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की दिव्यता और भव्यता का अनुभव कराने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
याहियागंज बाजार बना कृष्ण भक्तों की पहली पसंद:
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व के अवसर पर लखनऊ के बाजारों में सजावट देखी जा रही है। यहां का यहियागंज बाजार खरीदारी के लिए कृष्ण भक्तों की पहली पसंद है। यहां वो होलसेल के दर पर सस्ते में और कई विविध प्रकार के सामानों की वैरायटी की खरीदारी कर सकते हैं राजधानी लखनऊ के बाजार कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व के लिए सज गए हैं। यहां का यहियागंज बाजार भक्तों की पहली पसंद है। यहां वो होलसेल के दर पर सस्ते में और विविधता से भरपूर सामान खरीद सकते है। यह बाजार भक्तों के लिए एक आकर्षक विकल्प है जहां वो खरीदारी का आनंद उठा सकते हैं। इस बाजार में आपको श्री कृष्ण से जुड़े सभी सामान मिलेंगे, उनके वस्त्र, बांसुरी, बिस्तर या पगड़ी लेनी हो, आपको यहां विविधता मिलेगी जैसे रंग-बिरंगे कपड़े, आकर्षक बांसुरी, सुविधाजनक बिस्तर और प्रचीन पगड़ी। यह सभी सामान आपको एक स्थान पर मिलेंगे और उनकी कीमत 6 से 10 रुपये से शुरू होती है। लड्डू गोपाल के भक्त उनकी ही तरह चंचल होते हैं और उन्हें अपने बच्चों, दोस्त और प्रिय साथी की तरह देखभाल करते है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर वो उनके लिए उत्कृष्ट सामान खरीदते हैं ताकि उनका अच्छे से श्रृंगार कर सकें। इससे वो उनके प्रति अपने प्रेम और भक्ति को प्रकट करते हैं लड्डू गोपाल के वस्त्र भक्तों को खूब पसंद आ रहे हैं। इन वस्त्रों की खूबसूरती, रंगों की विविधता और उनके आकर्षक डिजाइन लोगों का मन मोह रहे हैं। यह वस्त्र भक्तों को आनंद और धार्मिक अनुभव प्रदान कर रहे हैं। इन वस्त्रों की कीमत मात्र 20 से 40 रुपये है, उन्हें इस मार्केट से आसानी से खरीदा जा सकता है। लड्डू गोपाल के भक्तों को मोर पंखी बांसुरी और उनके जेवर भी बहुत पसंद आ रहे हैं। इस बाजार में खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ रही है। यदि आप भी लड्डू गोपाल के लिए खरीदारी करना चाहते हैं तो आपको यहियागंज बाजार आना होगा।
कान्हा के लिए रंग-बिरंगी पोशाक व बांसुरी बनीं पहली पसंद
जन्माष्टमी के अवसर पर कान्हा के लिए रंग-बिरंगी पोशाक व बांसुरी पहली पसंद बनी हैं। इस अवसर पर बाजार गुलजार हो गये हैं। एक ओर जहां माला फूल पूजन सामग्री कि दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है, वहीं दुकानों पर जन्माष्टमी से जुड़े खिलौने, कपड़े, मुकुट, पेंटिंग आदि की डिमांड है। इसके अलावा पीतल, प्लास्टिक, मिट्टी आदि से बने आकर्षण खिलौने जैसे झूले, पालना व सजावट में काम आने वाले झालर बिजली बत्ती की भी मांग तेज है। बाजार में हरे-हरे अशोक के पत्ती, प्लास्टिक के फूल, कदंब के पेड़, करौंदे का पेड़, झावा बुरादा आदि चीजों से बाजार सज गए हैं। सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। जिससे पूरा बाजार कृष्णमय हो गया है। बाजार में काफी रौनक देखने को मिल रही है। शहर के लोग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की खरीदारी करने को उमड़ पड़े हैं। इन सभी के अलावा भगवान के लिए चांदी के मुकुट, बांसुरी, लड्डू गोपाल कि चांदी कि मूर्ति कि भी डिमांड है। सर्राफ ने बताया की इस बार जन्माष्टमी के अवसर पर कई नए डिजाईन कि चीजें आई हैं। इनमें भगवान का मुकुट, बांसुरी, मूर्ति विशेष कारीगरों द्वारा बनवाया गया है। जन्माष्टमी पर महंगाई का कोई असर नहीं नजर आ रहा है।
लड्डू गोपाल के खिलौने वाले आइटमों की ज्यादा मांग
लखनऊ। जन्माष्टमी पर ठाकुरजी की झांकी सजाने के लिए भक्तों में खिलौनों की बहुत मांग है। लड्डू गोपाल के लिए मैक्रम का लटकाने वाला झूला, लकड़ी का झूला, पोशाकें, मुरली, घुंघुराले बाल, शीशा, जूतियां, पालना लाइटिंग गुब्बारे, सिंहासन, चारपाई, सिंहासन, माइकल जैक्सन टॉपी, नग से सजा चश्मा, माखन मटकी, लाइट झालर, कालिया नाग व अन्य खिलौने हैं। वहीं कई लोग लड्डू गोपाल के लिए चांदी के खिलौने भी तैयार करवा रहे हैं।
तरह-तरह की नई पोशाक:
पिछले काफी समय से मंदी के दौर से गुजर रहा मुकुट पोशाक के कारोबार से जुडे़ लोगों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व से खासी उम्मीदें हैं। यही कारण है कि बाजार में इन दिनों नई डिजाइन की पोशाकें पहुंच गईं हैं। सुंदर और सजीली पोशाकों को श्रृद्धालु खरीद भी रहे हैं। दुकानदार दीपक गोयल ने बताया कि पिछले साल कोरोना के कारण श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर बाजार में मंदी छाई रही, लेकिन इस साल बाजार को उम्मीदें हैं।
डिजायनर झूलों की धूम:
इस बार बाजार में श्रीकृष्ण भगवान के झूलों व पोशाकों की खूब खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में इस बार राधा कृष्ण की तरह-तरह की ड्रेस आयी हैं, जिन्हें लोग बड़ी संख्या में खरीद रहे हैं। दुकानदार विजय ने बताया कि इस बार सबसे ज्यादा डिमांड डिजायनर झूलों की है। इस बार झूलों में बहुत ज्यादा वैरायटी आयी है। ग्राहक राधा कृष्ण की पोशाकों के साथ-साथ अपने बच्चों को भी राधा-कृष्ण के रूप में सजाते हैं जिसके लिए हमने बड़े साइज के भी कपड़े बनवा रखें। लोग उन्हें भी बड़ी संख्या में खरीद रहे हैं।





