लखनऊ। विश्व बंधुत्व दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट आॅफ पेलियोसाइंसेज, 53 यूनिवर्सिटी रोड, बाबूगंज, हसनगंज, लखनऊ में राष्ट्र सेविका समिति की ओर से युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की और स्वामी विवेकानंद के विचारों, जीवन-दर्शन तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर संवाद किया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता अन्नदानम् सीता गायत्री दीदी, अखिल भारतीय प्रमुख कार्यवाहिका, राष्ट्र सेविका समिति रहीं। उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके प्रेरणादायी विचारों से जोड़ते हुए कहा कि विवेकानंद जी ने अपने जीवन से युवाओं को आत्मविश्वास, ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने शिकागो धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक संबोधन का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने विश्व पटल पर भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक शक्ति का परिचय कराया। सीता गायत्री दीदी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन से जुड़े अनेक प्रेरक प्रसंग सुनाकर युवाओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं और प्रश्न रखे, जिनका उन्होंने सहज एवं सारगर्भित उत्तर देकर समाधान किया। कार्यक्रम की कॉर्डिनेटर डॉ. अनु शर्मा ने भी युवाओं को स्वामी विवेकानंद द्वारा दिए गए ज्ञान और उनके विचारों की प्रासंगिकता से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आज के युवा यदि विवेकानंद के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करें तो वे ज्ञान, नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में पूर्वी उत्तर प्रदेश की क्षेत्र प्रचारिका आदरणीय शशि जी, लखनऊ विश्वविद्यालय की डीन, फैकल्टी आॅफ साइंस शीला मिश्रा जी, नवयुग गर्ल्स डिग्री कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. मंजुला उपाध्याय जी तथा अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख डॉ. ऋतु शर्मा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। युवा संवाद के माध्यम से युवाओं को ज्ञान से नवाचार, नवाचार से राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण से विश्व कल्याण की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में युवाओं की उत्साहपूर्ण एवं बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।





