लखनऊ। रोशनी से सजे रैंप पर जब लखनऊ की कला, कारीगरी और फैशन का संगम हुआ तो शाम यादगार बन गई।फिक्की फ्लो लखनऊ की ओर से आयोजित गुलमोहर 2026एक मकसद के साथ फैशन में फैशन की चमक के साथ शहर की समृद्ध विरासत को सहेजने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में स्थानीय डिजाइनरों, ज्वैलर्स, कारीगरों और फिक्की फ्लो की महिला सदस्यों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। फिक्की फ्लो लखनऊ की चेयरपर्सन सिमरन साहनी के मार्गदर्शन में आयोजित इस फैशन फंडरेजर का उद्देश्य सिर्फ ग्लैमर और रैंप तक सीमित नहीं था। स्थानीय हुनर को पहचान देना, लखनऊ की पारंपरिक कारीगरी को बढ़ावा देना और विलुप्त होती टेपची कला को पुनर्जीवित करना कार्यक्रम का प्रमुख संदेश रहा। आयोजकों ने टेपची कला से जुड़े कारीगरों को अधिक पहचान और अवसर देने पर विशेष जोर दिया।
छह डिजाइनर-ज्वैलर जोड़ी ने बिखेरी चमक
गुलमोहर रनवे पर लखनऊ के डिजाइनरों और ज्वैलर्स ने खास कोलेबरेशन के साथ अपनी रचनात्मकता पेश की। हस्तकारी-एस्थेटिक गोल्ड ज्वैलर्स, मसाकी-बद्री सर्राफ कल्याणपुर, चरखा-अखइ ज्वेल्स, वृत्ति-पंजाब ज्वैलर्स, आसमा-एस्थेटिक गोल्ड ज्वैलर्स और कर्मा-सिंघल ज्वैलर्स की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। रैंप पर फिक्की फ्लो की सदस्यों ने म्यूज के रूप में वॉक कर फैशन को आत्मविश्वास और महिला सशक्तीकरण से जोड़ा। उनकी मौजूदगी ने यह संदेश भी दिया कि फैशन केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि महिलाओं की रचनात्मकता और आत्मविश्वास को मंच देने का माध्यम भी है। गुलमोहर की शाम में ग्लैमर का तड़का तब लगा, जब मशहूर डिजाइनर रिंपल और हरप्रीत नरूला विशेष रूप से शामिल हुए। अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने सेलिब्रिटी शो-स्टॉपर के रूप में रैंप पर उतरकर कार्यक्रम की भव्यता बढ़ा दी। फिक्की फ्लो की नेशनल प्रेसिडेंट पूजा गर्ग की मौजूदगी ने भी आयोजन को विशेष बनाया। कार्यक्रम की इवेंट चेयर सान्या वाधवा की परिकल्पना ने फैशन, विरासत और सामाजिक उद्देश्य को एक मंच पर ला दिया। उनका उद्देश्य ऐसा मंच तैयार करना था, जहां स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर मिले और लखनऊ की सदियों पुरानी कारीगरी को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके। गुलमोहर 2026 ने रैंप से एक साफ संदेश दिया—फैशन तभी सार्थक है, जब उसकी चमक के पीछे किसी हुनर, किसी कारीगर और किसी विरासत को बचाने का मकसद भी हो। गुलमोहर 2026 की सफलता में फिक्की फ्लो लखनऊ की एग्जीक्यूटिव कमेटी की सामूहिक मेहनत रही। इसमें चेयरपर्सन सिमरन साहनी सीनियर वाइस चेयर देवांशी सेठ, इमीडिएट पास्ट प्रेसिडेंट वंदिता अग्रवाल, वाइस चेयर निवेदिता सिंह, सेक्रेटरी प्रज्ञा अग्रवाल, ज्वाइंट सेक्रेटरी अदिति जग्गी रस्तोगी और ज्वाइंट ट्रेजरर वसुधा जैन शामिल रहीं।





