लखनऊ। नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म हनुमान अंश इन दिनों हर किसी की पहली पसंद बनी हुई है। इस फिल्म को छोटे से लेकर बड़े लोग हर कोई पसंद कर रहा है. जब से इस फिल्म का फर्स्ट लुक दर्शकों के सामने आया था। नीम करोली बाबा के भक्त उनकी जिंदगी की कहानी को देखने के लिए काफी बेताब थे। इस फिल्म में बाबा के जीवन के बारे में वो सारी चीज बताई गई हैं जिनके बारे में अभी तक हम लोग अनजान थे। हालांकि जब यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई तो इस फिल्म का बॉक्स आॅफिस कलेक्शन काफी धीमी रफ्तार से चल रहा था। फिल्म बहुत ही छोटे बजट में बनाई गई है. फिल्म का बजट वसूलना भी कोई बड़ी बात नहीं थी. इस फिल्म में ज्यादातर सभी नए चेहरे दिखाए गए हैं जिनका थिएटर बैकग्राउंड रहा है. इस फिल्म को विशाल चतुवेर्दी ने डायरेक्ट किया है , वहीं शोभिनव सत्या की परफॉर्मेंस ने इस फिल्म में चार चांद लगा दिए। हाल ही में फिल्म में बाबा नीम करोली का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्या ने अपनी यात्रा के बारे में खुलासा किया और अपना मकसद भी जाहिर किया।
‘हमारा मकसद है फिल्म ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे’
एक्टर शोभिनव सत्या ने कहा कि हमारी सिर्फ 6 लोगों की छोटी सी टीम है। हम सभी एक साथ टूर कर रहे हैं जिसमें हम हर एक इंसान से मुलाकात कर रहे हैं। हम कोई बड़े सेलिब्रिटीज नहीं है। हमारी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा हम लोगों से मिलें और धर्म कर्म का कार्य लोगों तक पहुचाएं। एक्टर ने आगे कहा कि हमारी कोई भी पी.आर टीम नहीं है। हमारी जो 6 लोगों की टीम है, उसमें एक मैं हूं और हमारी एक्ट्रेस पूर्णिमा तिवारी के अलावा डायरेक्टर और सिंगर भी हैं. हम जो भी फिल्म से रिलेटेड डिसीजन ले रहे हैं, वो हम आपसी सहमति से कर रहे हैं और हम सभी टीम दो गाड़ियों से यात्रा कर रही है और कर्म धर्म की बातें जनता तक पहुंचा रहे हैं. हम बहुत ही सादगी से अपना काम कर रहे हैं और जन-जन तक पहुंच रहे हैं।
7 अगस्त से थियेटर्स में छाई हनुमान अंश
शोभिनव ने फिल्म में नीम करोली बाबा का मुख्य किरदार निभाया है। इसको दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं , हालांकि यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो इसने काफी धीमी रफ्तार पकड़ी थी. लेकिन फिल्म की कहानी और माउथ पब्लिक सिटी ने इस फिल्म को लाइमलाइट में ला दिया। अब यह फिल्म हर दर्शक की पहली पसंद बनी हुई है और नीम करोली बाबा के भक्ति इस फिल्म को देखने के लिए काफी बेताब हैं और इस फिल्म का जोर-शोर से प्रचार भी कर रहे हैं. बीते दिन फिल्म की पूरी टीम बांके बिहारी में कान्हा जी के दर्शन करती हुई नजर आई इन दिनों फिल्म की पूरी टीम भारत के कई बड़े शहरों में भ्रमण कर रहे हैं और नीम करोली बाबा का मुख्य संदेश आम जनों तक पहुंचा रहे हैं।
फिल्म ने बदली किस्मत
शोभिनव पहले इस फिल्म में अहम किरदार नहीं निभा रहे थे , वह फिल्म में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे. लेकिन शूटिंग के दौरान जब लीड किरदार निभा रहे एक्टर की अचानक तबीयत खराब हो गई. तब निर्देशक ने शोभिनव को नीम करोली बाबा से मिलता-जुलता चेहरा देखकर उनको कास्ट कर लिया। उनको 5 घंटे लंबा आॅडिशन देना पड़ा. इसके बाद उनको नीम करोली बाबा का किरदार मिला।
– – – – – – – –
हनुमान अंश रिलीज से पहले बॉलीवुड ने नहीं दिया साथ : विशाल चतुर्वेदी
लखनऊ। हनुमान अंश इन दिनों दर्शकों के बीच चर्चा में है। फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के साथ बॉक्स आॅफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन करने की जानकारी सामने आई है। इसी सफलता के बीच फिल्म के निर्देशक विशाल चतुवेर्दी ने इंडस्ट्री के रवैये पर नाराजगी जाहिर करते हुए रिलीज से पहले सामने आई मुश्किलों की पूरी कहानी बताई है। विशाल चतुवेर्दी के मुताबिक, फिल्म की रिलीज से पहले बॉलीवुड के कई लोगों से उन्हें जिस तरह के समर्थन की उम्मीद थी, वह नहीं मिला। उनका कहना है कि सिनेमाघरों में फिल्म पहुंचने से पहले उसके बारे में काफी हद तक निराशाजनक माहौल बनाया गया और कई लोगों ने इसकी सफलता की संभावनाओं पर सवाल खड़े किए। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये की कमाई की थी। इसके बाद दर्शकों की मजबूत प्रतिक्रिया के साथ फिल्म के कारोबार में तेजी आई और अब तक इसकी कमाई 72.88 करोड़ रुपये तक पहुंचने की जानकारी दी गई है। फिल्म की सफलता ने यह भी दिखाया है कि सीमित शो के बावजूद दर्शकों की प्रतिक्रिया किसी फिल्म के प्रदर्शन पर असर डाल सकती है। विशाल चतुवेर्दी के बयान के बाद अब हनुमान अंश की सफलता के साथ रिलीज से पहले मिले समर्थन और इंडस्ट्री के रवैये को लेकर उनकी टिप्पणियां भी चर्चा में हैं।
बड़ी फिल्मों को प्राथमिकता, शो काउंट 250 से घटकर 25 हुआ
निर्देशक ने बताया कि बड़ी फिल्मों को प्राथमिकता दिए जाने के कारण हनुमान अंश के शो और स्क्रीन काफी कम कर दिए गए थे। उनके अनुसार, फिल्म का शो काउंट करीब 250 से घटाकर सिर्फ 25 तक कर दिया गया था। ऐसी स्थिति में फिल्म को ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाना पूरी टीम के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।
सफलता मिलते ही आने लगे बधाई के फोन
विशाल चतुवेर्दी ने बताया कि फिल्म रिलीज होने और दर्शकों की ओर से पसंद किए जाने के बाद कई लोगों के फोन आने लगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें सफलता के लिए बधाई दी। हालांकि, निर्देशक ने उन लोगों के नाम सार्वजनिक करने से इनकार किया, जिनसे उन्होंने फिल्म की रिलीज से पहले मदद मांगी थी और उन्हें सहयोग नहीं मिला था।
मधुर भंडारकर का किया खास जिक्र
इस पूरे मामले में विशाल चतुवेर्दी ने मधुर भंडारकर का अलग से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मधुर भंडारकर ने बिना किसी मांग के फिल्म की सराहना की और उन्हें बधाई दी। विशाल के मुताबिक, इसी वजह से वह मधुर भंडारकर का नाम सम्मान के साथ लेते हैं। वहीं, मुश्किल दौर में साथ नहीं देने वाले लोगों के नाम वह सामने नहीं लाना चाहते।
फिल्म निर्माण को लेकर इंडस्ट्री के रवैये पर भी बोले
विशाल चतुवेर्दी ने फिल्म इंडस्ट्री के कामकाज को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कई बार लोग किसी प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी के बिना ही उसके भविष्य को लेकर अपनी राय बनाने लगते हैं। उनके अनुसार, कुछ लोग फिल्म निर्माण को लेकर गंभीर और जुनूनी होते हैं, जबकि कुछ लोग इसे केवल एक प्रयोग या विकल्प के तौर पर देखते हैं।
नीम करौली बाबा के जीवन से जुड़ी है फिल्म की कहानी
हनुमान अंश की कहानी नीम करौली बाबा के जीवन से जुड़ी बताई गई है। फिल्म को विशाल चतुवेर्दी ने लिखा और निर्देशित किया है, जबकि शोभिनव सत्य ने नीम करौली बाबा की भूमिका निभाई है। दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ने के साथ इसके प्रदर्शन में भी लगातार सुधार देखने को मिला है। फिल्म देखने के बाद मधुर भंडारकर ने विशाल चतुवेर्दी के निर्देशन और शोभिनव सत्य के अभिनय की तारीफ की थी। उनके अलावा कंगना रनौत ने भी फिल्म की प्रशंसा करते हुए दर्शकों से इसे सिनेमाघरों में देखने की अपील की थी।





