पुणे । पुणे के ओल्ड सांगवी इलाके में दही-हंडी कार्यक्रम के लिए बनाया गया लोहे का एक अस्थायी ढांचा गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार देर रात उस समय हुई, जब विघ्नहर्ता मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम के समापन के बाद कर्मचारी लोहे का ढांचा हटा रहे थे।
उन्होंने बताया कि सलमा सलाउद्दीन पठान नामक महिला पर एक भारी हिस्सा गिरा, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि पठान का बेटा आयोजन करने वाले मंडल से जुड़ा था और उसके परिवार वालों ने आयोजकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है। परिवार ने पुलिस से यह भी अनुरोध किया है कि वे इस घटना के संबंध में खुद से कोई मामला दर्ज न करें। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ढांचा ढहने की घटना की जांच कर रही है।





