- बुलंदशहर में वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई, मारपीट-गाली गलौज की धाराएं लगीं
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पत्नी से मारपीट के आरोप में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नगर कोतवाली पुलिस ने उनकी पत्नी की तहरीर पर मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।गुड्डू पंडित समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर दो बार विधायक रह चुके हैं। हाल ही में उनका और उनकी पत्नी अर्चना पांडा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह कथित तौर पर पत्नी के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में गुड्डू पंडित अपनी पत्नी के बाल पकड़कर पिटाई करते दिख रहे हैं, जबकि अर्चना पांडेय भी जवाब में झाड़ू से मारती नजर आती हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले में मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।बताया जा रहा है कि अर्चना पांडा कांग्रेस की नेता हैं और कांग्रेस महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। इसके बावजूद उनके साथ इस तरह की घटना सामने आने से राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।
यह पहला मामला नहीं है जब गुड्डू पंडित विवादों में आए हों। इससे पहले भी एक मामले में उन्हें दोषी ठहराया जा चुका है। वर्ष 2011 में एक प्रत्याशी पर चुनाव न लड़ने का दबाव बनाने के मामले में विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें 14 महीने की सजा सुनाई थी।





