लखनऊ। राजधानी में कुत्तों के काटे जाने की घटना से लोग दहशत में हैं। बुधवार दोपहर इस्माइलगंज द्वितीय वार्ड में एक महिला पर कुत्तों के झुंड ने दौड़ाकर हमला कर दिया। कई जगह पर उसको काटा और पैर का मांस तक नोंच लिया। पूरी घटना सीसीटीवी में रिकार्ड हुई है। इसका वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर सामने आया।
वार्ड के पूर्व पार्षद रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वार्ड की शिवपुरी कॉलोनी में तीन लावारिस कुत्ते हिंसक हो गए हैं। आए दिन किसी ने किसी को काटते हैं। बुधवार को सोना देवी नामक महिला को गली में ही दौड़ाकर हमला कर दिया। भागते हुए महिला गिर गई और कुत्तों ने उसके पैर में कई जगह नोंच डाला। गंभीर हालत में परिजन और स्थानीय लोग उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, बाद उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान ले जाया गया। जहां उन्हें भर्ती किया गया।
यहां उनके एक पैर में 18 टांके लगाए गए, जबकि दूसरे पैर में भी काफी घाव है। कमर और हाथ मेंभी गंभीर चोटें हैं। पीड़िता अस्थमा की मरीज हैं। हमले के बाद डर और दर्द से उनकी सांस फूलने लगी थी। पति पुरुषोत्तम लाल ने बताया कि अगर समय पर इलाज न मिलता तो उनकी जा न जा सकती थी, जिस तरह कुत्ते उन्हें नोच रहे थे, उससे वह सदमे में हैं।
पहले भी ये कुत्ते कई लोगों को काट चुके हैं। बीती 10 जनवरी को आकाश वर्मा नामक दस वर्ष के बच्चे को इन्हीं कुत्तों ने काटा था। नगर निगम में शिकायत की गई है कि इन हिंसक कुत्तों से लोगों को बचाया जाए। नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि कुत्ते के काटने की घटना की जानकारी मिली है। टीम को इलाके में जाकर कुत्ते पकड़ने के लिए कहा गया है।





