18वां रोजा रखकर अपनी आस्था प्रदर्शित की
लखनऊ। माह-ए-रमजान के तीसरे जुमा की नमाज पढ़ने के लिए मस्जिदों में काफी भीड़ उमड़ी। सभी ने मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की। क्या बड़े और क्या छोटे सभी अल्लाह की इबादत में पलके बिछाए दिखे और 18वां रोजा रखकर अपनी आस्था प्रदर्शित की। रोजेदार रोजा रख कर अल्लाह की दी हुई नेमत का शुक्रिया अदा करने में जुटे रहे। माह-ए-रमजान के तीसरे जुमे की नमाज छोटी बड़ी सभी मस्जिदों में पूरी दुनिया में अमनो सलामती की दुआ के साथ अदा की गई। महिलाओं ने घरों में इबादत की। जुमे की नमाज के दौरान एहतियात के तौर पर टीले वाली मस्जिद व अन्य प्रमुख मस्जिदों के बाहर पुलिस बल मौजूद रहा।
मस्जिद ईदगाह में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि अल्लाह के इनामों में से एक इनाम रमजान का महीना है। जिसमें एक नेकी का सत्तर से सात सौ गुना सवाब मिलता है। उन्होंने कहा कि कुरान में तीन तरह के विषय हैं। एक अकीदा कि खुदा पाक पूरी दुनिया का मालिक है। उसने दुनिया को पैदा करके उसको दूसरों के हवाले नहीं किया बल्कि वह हर समय पूरी कायनात को अपनी मर्जी के मुताबिक चला रहा है। मौलाना ने कहा कि इस माह की बहुत बड़ी बरकत है कि हम ने कुछ रातों में कुरान सुना। बाकी बचे हुए दिनों में फर्ज, सुन्नत, नफिल, तरावीह, तहज्जुद की पाबंदी करें। अपने माल की जकात निकाले, सदका फित्र अदा करें ताकि गरीब भी ईद की खुशियां हासिल कर सकें।





