अनुबंध पत्रों का आदान-प्रदान किया गया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी एवं महाराष्ट्र के पुणे स्थित भारती विद्यापीठ डीम्ड टु बी यूनिवर्सिटी के मध्य शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक समझौता निष्पादन कार्यक्रम बुधवार 19 नवम्बर को गोमतीनगर स्थित अकादमी परिसर में किया गया। इस समझौता कार्यक्रम में भारती विद्यापीठ डीम्ड टु बी यूनिवर्सिटी के स्कूल आॅफ परफॉर्मिंग आर्ट के निदेशक प्रोफेसर शारंगधर साठे और उनके सहयोगी के रूप के रूप में विश्वविद्यालय के प्रोफेसर प्रवीण कासलीकर उपस्थित रहे। दूसरी ओर संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत और निदेशक डॉ. शोभित कुमार नाहर के साथ वैयक्तिक सहायक सौरभ सक्सेना उपस्थित रहे। समझौता ज्ञापन के उपरांत प्रोफेसर शारंग धर साठे और डॉ. शोभित कुमार नाहर के बीच हस्ताक्षरित अनुबंध पत्रों का आदान-प्रदान किया गया। संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत के अनुसार इस अनुबंध के माध्यम से दोनों संस्थानों के मध्य सांस्कृतिक आदान-प्रदान होगा और उत्तर प्रदेश की संस्कृति को विश्वविद्यालय के माध्यम से विदेशों तक भी पहुंचाया जाएगा। विश्वविद्यालय वर्तमान में वृहद स्तर पर संगीत नाटक अकादमी की ही भांति संगीत और नाट्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। आरजे समरीन के संचालन में हुए इस कार्यक्रम में अकादमी सहित कथक केन्द्र और रेडियो जयघोष के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।





