भजन संध्या के साथ 51 किलो के लड्डू का भोग लगाया जायेगा
लखनऊ। केशरी नन्दन का जन्मोत्सव शनिवार को राजधानी में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जायेगा। कही हनुमान जी का चमेली और सिन्दूर से अभिषेक होगा तो कही भजन संध्या के साथ 51 किलो के लड्डू का भोग लगाया जायेगा। हनुमान सेतु मंदिर के बड़े पुजारी भगवान सिंह विष्ट ने बताया कि सुबह 9 बजे से विश्व कल्याण के लिए हवन किया जाएगा। क्रम में हवन के बाद सुंदरकांड का सरस पाठ होगा। दोपहर 11 बजे भोग अर्पित करने के बाद भंडारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जयंती पर चार चोले अर्पित किये जायेंगे और 50 हजार लडडू बांटे जायेंगे। नये हनुमान मन्दिर अलीगंज में ढाई कुंटल बेसन के लडडू का भोग लगेगा 11 चोले चढेÞंगे। सात मीटर हनुमान नाम की पताका मन्दिर के शिखर पर लगाई जायेगी। छांछी कुंआ हनुमान मन्दिर के प्रबंधक कमलेश कुमार तिवारी ने बताया कि दो कुंटल फूलों से मन्दिर की सजावट होगी। रात 9 बजे से सुन्दरकांड पाठ होगा। रात 12 बजे हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव मनाया जायेगा। उसके बाद पंचामृत का प्रसाद बांटा जायेगा। अलीगंज के आईटीआई चौराहा स्थित श्रीमहा मंगलेश्वर हनुमान मंदिर के महंत श्रीकांत तिवारी ने बताया कि मंदिर में शाम 4 बजे सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। पक्का पुल स्थित लेटे हुए हनुमान मंदिर में सुबह सवा दो किलो सिंदूर से महा श्रंगार होगा। दो कुंतल फूलों से सजावट की होगी। संदरकांड के बाद चटपटे आलू, हलवा पूड़ी, छोला, बूंदी का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा अमीनाबाद के हनुमान मन्दिर, कटराविजन वेग चैपटिया के मारुतसुत हनुमान निलालानगर के बालकेश्वर हनुमान मन्दिर, डालीगंज के माधव मन्दिर समेत अन्य मन्दिरों में हनुमान जयंती मनाई जायेगी।
सिंदूर और चांदी का वर्क चढ़ाने की परम्परा:
कहा जाता है राम की लम्बी उम्र के लिए एक बार हनुमान जी अपने पूरे शरीर पर सिंदूर चढ़ा लिया था और इसी कारण उन्हें और उनके भक्तो को सिंदूर चढ़ाना बहुत अच्छा लगता है जिसे चोला कहते है। हनुमान जयंती पर रामचरितमानस के सुन्दरकाण्ड पाठ को पढना भी हनुमानजी को प्रसन्न करता है। सभी मंदिरो में इस दिन तुलसीदास कृत रामचरितमानस एवं हनुमान चालीसा का पाठ होता है।





