हजारों दीदियों ने डिजाइनर दीये, मोमबत्तियां, गिफ्ट हैंपर तैयार किए
लखनऊ। ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों की दीदियों ने इस बार दीपावली बाजार में कमाई के लिए जोरदार तैयारियां कर रखी है। समूहों की इन दीदियों ने इस बार दीपावली पर बिक्री के लिए गाय के गोबर व पंचगव्य से लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा के साथ ही दीये भी बनाए हैं। इसके अलावा गिफ्ट हैंपर व अन्य सजावटी सामान भी भारी तादाद में तैयार किया है। दीदियों के हाथों से तैयार ये उत्पाद चीन निर्मित मूर्तियों और सजावटी समानों से मुकाबला करते नजर आएंगे। उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन की निदेशक दीपा रंजन के मुताबिक समूहों की दीदियों द्वारा बनाए गए उत्पादों को लेकर ग्रामीण व शहरी बाजारों में बड़ी मांग नजर आ रही है। समूहों से जुड़ी हजारों दीदियों ने डिजाइनर दीये, मोमबत्तियां, गिफ्ट हैंपर तैयार किए हैं।
उत्पादों पर तैयार किया गया काफी टेबिल बुक
इनके उत्पादों पर एक काफी टेबिल बुक तैयार की गई है ताकि इनके उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। आनलाइन ई-मार्केट प्लेटफार्म पर इनके उत्पादों को बिक्री के लिए पंजीकृत करा दिया गया है। दीदियों के उत्पादों का प्रमुख आकर्षण गाय के गोबर व पंचगव्य से तैयार गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां और दीये हैं। ये पूरी तरह इको फ्रेंडली हैं। देखने में भी काफी खूबसूरत हैं।
सभी प्रमुख बाजारों में बिकेंगे इनके उत्पाद
निदेशक ने बताया है कि समूह सदस्यों के उत्पादों की बिक्री के लिए सभी बाजारों में उचित स्थान दिलाने का प्रबंध किया जा रहा है। सभी जिला मुख्यालयों और ब्लाक कार्यालयों में विशेष रूप से इनके उत्पादों की बिक्री के स्टाल लगाने की व्यवस्था करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है।





