फिरोजाबाद (उप्र)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुये जिला प्रशासन ने कक्षा एक से लेकर कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को छह सितंबर तक बंद करने का आदेश दिया है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फिरोजाबाद दौरे के बाद देर रात प्रशासन ने यह कदम उठाया। डेंगू के बढ़ते प्रकोप को लेकर जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र जारी करते हुए आठवीं कक्षा तक के लिये सभी स्कूलों को छह सितंबर तक बंद करने का आदेश दिया है।
जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बताया कि यह आदेश सभी सरकारी गैर सरकारी स्कूलों के साथ-साथ अध्यापन कार्य कर रहे सभी संस्थानों पर लागू रहेगा। यदि किसी के द्वारा इस आदेश की अवहेलना की जाएगी तो उसके खिलाफ दंडात्मक व विधिक कार्यवाही की जाएगी। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिरोजाबाद जिले में डेंगू के कहर की वजह से अब तक करीब 40 लोगों की मौत पर कड़ा रुख अपनाते हुए सोमवार को कहा कि इस मामले की सर्विलांस टीम से जांच करायी जाएगी। जिला प्रशासन ने अब तक 32 बच्चों समेत करीब 40 लोगों की डेंगू से मौत की पुष्टि की है।
उत्तर प्रदेश के स्कूली छात्रों को पढ़ाया जाएगा उद्यमिता का पाठ
नयी दिल्ली। उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूल के छात्रों को जल्द ही उद्यमिता का पाठ पढ़ाया जाएगा और इसके लिए राज्य सरकार ने एक शिक्षा-प्रौद्योगिकी स्टार्ट-अप के साथ हाथ मिलाया है। दिल्ली स्थित स्टार्ट-अप किड्जप्रेन्योर के साथ सहभागिता का उद्देश्य सरकारी स्कूल के छात्रों को उद्यमिता कौशल प्रदान करना है।
उत्तर प्रदेश सरकार के स्टार्ट-अप प्रोग्राम के सलाहकार अभिषेक तिवारी ने कहा, छात्र उद्यमिता कौशल सीखने में गहरी रुचि दिखा रहे हैं। यह ध्यान देने योज्ञ है कि लड़कियों की भागीदारी लड़कों की तुलना में अधिक है। हमारे राज्य में, यह वास्तव में बहुत उत्साहजनक है। किड्जप्रेन्योर से उम्मीद की जाती है कि वे उनकी प्रतिभा को और निखारेंगे।





