पतंग के शौकीन डोर-चरखी लेकर छतों पर चढ़ आए
लखनऊ। नवाबों के शहर में पतंगबाजी का क्रेज अब भी बरकरार है। मंगलवार को लखनऊ का आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से सजा रहा। जमघट पर आसमानी जंग क्या छिड़ी पुराने पतंगबाजों से लेकर नए नवेलों तक ने हाथ अजमाएं। इस दौरान पुराने उस्तादों ने एक बार फिर अपने बाजुओं का दम और अनुभव की मिसाल पेश की।
राजधानी में मंगलवार की सुबह से ही पतंग के शौकीन डोर-चरखी लेकर छतों पर चढ़ आए। वहीं पेशेवर पतंगबाजों ने मैदान में आकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। क्या बच्चे क्या बुजुर्ग सभी इस रंग में शामिल रहे। जहां युवा खींच कर पेंच लड़ाने में भरोसा दिखा रहे थे वहीं बुजुर्ग चुस्कियों पर अपने हुनर पेश कर रहे थे। वहीं मैदानी इलाकों में क्लबों के बीच सुबह से देर शाम तक पतंगबाजी हुई।
बच्चों ने खूब लूटी पतंगें:
ऊपर आसमान में पेंच लड़ रहे थे, नीचे पतंग लूटने वाले बच्चों की टोली दौड़ लगा रही थी। इस दौरान गलियों से लूट लीए लूट ली का शोर सुनाई पड़ रहा था। पतंग लूटने वाले डंडों में तार और लकड़ियां बांधे हुए आसमान में टकटकी लगाए हुए थे। यह सिलिसला शाम को सूरज ढलने के बाद ही बंद हो सका। इस बार मार्केट में युवाओं को लुभाने के लिए रंग.बिरंगी, हीरो.हीरोइन और राजनेताओं के फोटो वाली पतंगे दुकानों पर खूब बिकी। सलमान खान, कैटरीना कैफ, शाहरुख खान, नरेंद्र मोदी चित्र वाली पतंगे बच्चों और बड़ों को खूब आकर्षित करती नजर आई।
महंगाई के कारण पतंगबाजी में आई कमी:
पतंग बाजार का कारोबार कम होने की वजह दुकानदार महंगाई को जिम्मेदार बताते हैं। उनकी मानें तो दामों में पिछले वर्ष से इस बार 20 फीसदी इजाफा हुआ है। इसका असर कारोबार पर दिख रहा है। पतंग का कारोबार करने वाले मो. युसुफ ने बताया कि इस बार बाजार में एक रुपए से लेकर 50 रुपए तक की पतंगे हैं।





