नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को तमिलनाडु सरकार को आश्वासन दिया कि चक्रवात गज से उत्पन्न स्थिति का सामना करने के लिए उसे हर संभव मदद दी जाएगी। इस आपदा के कारण राज्य में अबतक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गृह सचिव राजीव गाबा को ए निर्देश भी जारी किए कि तमिलनाडु में हालात पर नजर रखी जाए और राज्य प्रशासन को सभी प्रकार की सहायता दी जाए।

विस्तृत रिपोर्ट केंद्र को भेजी जाएगी
सिंह ने ट्वीट करके कहा, तमिलनाडु में चक्रवात प्रभावित इलाकों के हालात को लेकर मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी से बात की। उन्हें आश्वस्त किया गया कि चक्रवात से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए केंद्र सभी प्रकार की मदद देगा। गृह सचिव को निर्देश दिया गया है कि वे घटनाक्रमों पर नजर बनाए रखें और राज्य प्रशासन को सभी प्रकार की सहायता मुहैया कराएं। उधर चेन्नई में जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस गंभीर तूफान के कारण हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट केंद्र को भेजी जाएगी।

हजारों पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए
इसमें कहा गया है, मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने गज के कारण हुए नुकसान, सरकार द्वारा उठाए गए कदमों और युद्धस्तर पर किए जा रहे राहत कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। चक्रवाती तूफान गज के कारण निचले इलाकों में रहने वाले 80 हजार लोगों को दूसरी जगह पहुंचाया गया है। यह तूफान नागपट्टिनम और वेदारण्यम के बीच तमिलनाडु तट से गुजरा है और इससे तटीय इलाकों में भारी वर्षा हो रही है। चकवाती तूफान में चल रही तेज हवाओं से नागापट्टिनम और कराईकल जिलों में हजारों पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। तूफान की वजह से अबतक 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
Spoke to CM Shri E. K. Palaniswami regarding the situation in the cyclone affected areas of Tamil Nadu. Assured all possible assistance from the Centre in mitigating the situation arising due to cyclone. Asked the HS to monitor the situation & provide all help to the state admin.
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) November 16, 2018





