भारी मात्रा में हथियार व गोला बारूद बरामद
मुठभेड़ में धरे गये दो लश्कर आतंकी
कुलगाम में सरपंच व पत्नी की हत्या
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सेना की पकड़ धीरे-धीरे मजबूत होती जा रही है और आतंकवादियों के हौसले पस्त हो रहे हैं। जहां एक ओर सेना घाटी में सर्च ऑपरेशन चलाकर आंतकियों का सफाया करने पर अमादा है वहीं दूसरी तरफ आतंकी भी रोज नये तरीकों से सेना व नागरिकों को नुकसान पहुंचाने में लगे। सेना के एक खोजी अभियान के तहत सोमवार को सेना, एसओजी पुंछ और बीएसएफ ने एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर बड़ी आतंकवादी साजिश को टाल दिया है। इस आतंकी ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार व गोला बारूद बरामद हुआ है। डीआईजी ने बताया कि ठिकाने से की गई अन्य बरामदगी में 257 राउंड के चार एके -47 मैगजीन, 68 राउंड के एक पिस्तौल की मैगजीन, एक रेडियो सेट, 13 डेटोनेटर, लीवर के साथ चीनी ग्रेनेड के 15 फ्यूज डेटोनेटर, दो मोबाइल फोन, 12 बैटरी मोबाइल चार्जर और दो नौ वोल्ट की बैटरी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बीएसएफ ने ठिकाने का पता लगाकर स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बड़ी आतंकवादी गतिविधि को टाल दिया।
स्वतंत्रता दिवस से पहले इस आतंकी ठिकाने का पता लगना और साजिश को नाकाम करना सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। उधर बौखलाए आतंकियों ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के लाल चौक इलाके में कुलगाम के एक सरपंच और उनकी पत्नी की सोमवार दोपहर आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। एक अधिकारी ने बताया कि अनंतनाग के लाल चौक इलाके में आतंकियों ने रेडवानी बाला से भाजपा सरपंच गुलाम रसूल डार और उनकी पत्नी पर अंधाधुंध फायरिंग की। जम्मू संभाग के सांबा जिले में सोमवार को दो संदिग्ध देखे गए। जिनकी तलाश में हाईवे से सटे इलाके में पुलिस और सेना की संयुक्त टीम तलाशी अभियान चला रही है। इसके साथ ही अखनूर में भी दो संदिग्ध देखे जाने की सूचना है। उधर सीमा पार से होने वाली किसी भी नापाक हरकत को नाकाम करने के लिए बॉर्डर क्षेत्र के सुरक्षा ग्रिड को बेहद मजबूत किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किसी भी तरह का खलल नहीं पड़ने दिया जाएगा।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किये गये दोनों आतंकवादियों की पहचान यासिर हुसैन एवं उस्मान कादिर के रूप में की गयी है। ये दोनों डच्चन के रहने वाले थे और इन्हें कुछ हथियारों एवं गोला-बारूद के साथ तलाश अभियान के दौरान कलैनगसू इलाके से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि ये दोनों पांच अगस्त से अपने घर से लापता हो गये थे और दो दिनों के बाद पता चला कि आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन में दोनों शामिल हो गये थे। अधिकारी ने बताया कि डच्चन पुलिस ने उनके खिलाफ गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि तलाश अभियान इलाके में अब भी जारी है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।





