वरिष्ठ संवाददाता लखनऊ। डेंगू के बढ़ रहे मामलों के बीच बुधवार को सात और लोग इसकी चपेट में आये गये। इनमें अधिकतर मरीज इन्दिरानगर व अलीगंज के हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मनोज अग्रवाल ने बताया कि चंदर नगर में 2, इंदिरा नगर में 3, अलीगंज में 1 पुरुष और एनके रोड में 1 मरीज डेंगू पॉजिटिव मिला। इस दौरान सीएमओ टीम ने 475 घरों एवं आस-पास मच्छरजनित स्थितियों का सर्वेक्षण किया गया और कुल 5 घरों में मच्छरजनित स्थितियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा नगर मलेरिया इकाई एवं जिला मलेरिया अधिकारी की टीमों द्वारा जिले के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया गया तथा लार्वा रोधी रसायन का छिड़काव किया गया। इसके साथ ही लोगों से क्षेत्रीय जनता को घर के आस-पास पानी जमा न होने, पानी से भरे हुए बर्तन एवं टंकियों को ढंक कर रखने, हर सप्ताह कूलर के पानी को खाली करके साफ कपड़े से पोछ कर सूखा एवं साफ करने के बाद ही पुन: प्रयोग में लाने, पूरी बांह के कपड़े पहनने, बच्चों को घर से बाहर न निकलने, मच्छर रोधी क्रीम लगाने एवं मच्छरदानी में रहने सम्बन्धी स्वास्थ्य शिक्षा भी दी गयी।





