सोनभद्र: सोनभद्र जिले के पन्नूगंज क्षेत्र में चोरी के आरोप में गिरफ़्तार एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में थाना परिसर में मौत हो गई। इस मामले में सम्बन्धित थानाध्यक्ष समेत दो लोगों के खिलाफ बुधवार को हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने शिवम (25) को सोमवार को सरसों की बोरी चोरी करने के आरोप में गिरफ़्तार किया था। मंगलवार शाम उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता उमापति शुक्ला ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि हिरासत में पुलिसकर्मियों ने उसके बेटे को बेइंतहा पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। सिंह ने बताया कि इस मामले में पन्नूगंज के थानाध्यक्ष राम नारायण समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्हें निलम्बित भी किया गया है।
शिवम के परिजन ने वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर रास्ता जाम कर आरोपी थानाध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग भी की। परिजन का कहना है कि वे मंगलवार को शिवम से मिलने के लिए थाने पर गए थे और शाम पांच बजे तक वह बिल्कुल ठीक था। शाम करीब सात बजे परिजन को ग्राम प्रधान के ज़रिए शिवम की तबीयत खराब होने की सूचना मिली।





