जम्मू /कश्मीर । जम्मू के नई बस्ती इलाके में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ढांचों को ध्वस्त कर दिया। यह कदम राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण और बुनियादी ढांचा विकास परियोजना के तहत उठाया गया है। सड़क विस्तार के लिए करीब 21 दुकानों को हटाया गया, जिससे प्रभावित दुकानदारों में चिंता का माहौल बन गया है।

स्थानीय निवासी ओंकार शर्मा ने बताया कि सड़क संकरी होने के कारण वाहनों की आवाजाही में लगातार परेशानी होती थी और अक्सर जाम लग जाता था। इसी समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जिन दुकानों को हटाया गया, वे सड़क की जमीन पर बनी थीं और इस संबंध में पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे।

हालांकि, कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास और मुआवजे को लेकर बना हुआ है। अभी तक प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रभावित व्यापारियों को उचित मुआवजा और वैकल्पिक स्थान जल्द उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनका रोजगार प्रभावित न हो।





