फुटवियर डिजाइन में भविष्य संवार रहे एफडीडीआई फुरसतगंज के छात्र
कम उम्र में अच्छी आय का जरिया बन रहा फुटवियर डिजाइन कोर्स
120 सीटों पर 2 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 30 अप्रैल तक छात्र कर सकेंगे आवेदन
लखनऊ। प्रदेश के रायबरेली जिले में स्थित फुटवियर डिज़ाइन एंड डेवेलपमेंट संस्थान (एफडीडीआई) के छात्र विदेशों में भी फुटवियर डिजाइन के क्षेत्र में नाम कमा रहे हैं। छात्रों के हुनर और देश-विदेश में प्लेसमेंट से संस्थान भी उत्साहित है। इस वर्ष रायबरेली, फुरसतगंज कैम्पस का प्लेसमेंट 86 प्रतिशत रहा, जो कि एक रिकॉर्ड है। इस साल का औसत सालाना पैकेज भी रिकॉर्ड स्तर पर 4 लाख का तथा उच्चतम पैकेज सालाना 11 लाख रहा। इसमें इंटरनेशनल प्लेसमेंट भी शामिल है। यह जानकारी प्रेस क्लब में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थान के छात्र मामलों के प्रभारी नलिन पाण्डेय दी।
उन्होंने बताया कि संस्थान के कोर्स कम उम्र में अच्छी जॉब का जरिया भी बन रहे हैं। फुटवियर के क्षेत्र में छात्रों के सुनहरे भविष्य को देखते हुए संस्थान अब और प्रभावी तरीके से आगामी सत्र में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं के प्रवेश पर फोकस कर रहा है। 120 सीटों पर दो पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। संस्थान में संचालित पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 30 अप्रैल तक fddiindia.com पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। बताया कि प्रवेश के लिए देश 28 शहरों में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। बताया कि भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत फुटवियर डिज़ाइन एंड डेवेलपमेंट संस्थान देश के 12 स्थानों पर संचालित हो रहे हैं। यह संस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इम्पॉर्टेन्स का दर्जा प्राप्त संस्थान है। उत्तर प्रदेश में इनका संचालन नोएडा एवं रायबरेली के फुरसतगंज में हो रहा है। उन्होंने बताया कि फुरसतगंज संस्थान में चार वर्षीय अवधि के दो कोर्स, बैचलर ऑफ डिज़ाइन, फ़ैशन डिज़ाइन एवं बैचलर ऑफ डिज़ाइन फुटवियर डिज़ाइन एंड प्रोडक्शन में प्रवेश के लिए आवेदन किये जा सकते हैं। जिसकी फीस तकरीबन 1 लाख 50 हज़ार वार्षिक है।





