लखनऊ। प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने शनिवार को एक भव्य समारोह में मिशन शक्ति अभियान का विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने झांसी में कार्यक्रम का शुभारम्भ करने के बाद कहा कि बुंदेलखंड वीरांगनाओं की धरती है, झांसी की रानी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई ने अपने अदम्य साहस और शौर्य से अंग्रेजों का सामना किया, यहां की हर बच्ची मां दुर्गा, मां लक्ष्मी के समान है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलम्बन के बारे में विशेष अभियान इस नवरात्रि से अगली नवरात्रि तक चलाये जाने के निर्देश दिये हैं, झांसी में कार्यक्रम के भव्य आयोजन पर सभी को शुभकामनायें दी।
मुख्य सचिव ने कहा कि हमारी संस्कृति में नारी का स्थान पुरुषों से ऊंचा है, जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवता वास करते हैं। उन्होंने कहा कि नारी ने जब हाथ उठाया तो दुष्टों का नाश हुआ है। त्रेतायुग में माता सीता का हरण नही होता तो दुष्ट व ज्ञानी रावण का अंत नही होता, द्रौपदी का चीरहरण नहीं होता तो महाभारत नहीं होती। उन्होंने कहा कि अगर हम नारी का सम्मान नही करेंगे तो हमारा विनाश निश्चित है।
तिवारी ने कहा कि समाज में पुत्र के जन्म लेने पर हर्षोल्लास का वातावरण होता है, लेकिन पुत्री का जन्म होने पर वही समाज उतना हर्षित नहीं होता है। उन्होंने कहा कि हमें बच्चियों के प्रति यह दृष्टिकोण बदलना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा कौन सा क्षेत्र है जहां नारियों ने कदम नहीं रखा है और सफलता नहीं प्राप्त की है। नारी को सम्मान तभी मिलेगा, जब वह स्वावलम्बी होगी। आर्थिक रुप से जब नारी सशक्त होगी तो उसको सम्मान जरुर मिलेगा। उन्होने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने भी पिता की सम्पत्ति में पुत्री को पुत्र की तरह समान अधिकार दिये जाने का प्राविधान कर दिया है।
मुख्य सचिव ने कहा कि मिशन शक्ति के शुभारम्भ पर हम सभी यह संकल्प लें कि प्रदेश में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार को रोकेंगे। उन्होने कहा कि बुंदेलखंड से उनका पुराना नाता है। झांसी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की पावन कर्मभूमि को नमन करते हुये मिशन शक्ति का शुभारम्भ किया जाना उनके लिए एक अत्यन्त गौरवान्वित क्षण है।





