बिजनौर। यूपी के बिजनौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दोपहिया वाहन (मोपेड) पर सवार दो भाइयों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी और कहा कि दोनों भाई कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान करने जा रहे थे।
थाना शेरकोट प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि रविवार देर रात लगभग डेढ़ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा के दौरान गांव धुराड़ा निवासी श्याम सिंह (45 वर्ष) और उनके भाई मनीराम (35 वर्ष) जिस मोपेड पर सवार थे उसे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि दोनों भाई रामगंगा नदी में दीपदान करने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।





