काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग को पूरी सक्रियता से जाये चलाया
लखनऊ व कानपुर नगर में कोविड को कंट्रोल करने की हो कार्यवाही रहे जारी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कोविड-19 की रिकवरी दर 87 प्रतिशत से भी ज़्यादा हो जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए संक्रमण से बचाव व इलाज की प्रभावी व्यवस्था को बनाये रखने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में प्रदेश का रिकवरी रेट 87 प्रतिशत से भी ज़्यादा है, जो देश के रिकवरी रेट 84 प्रतिशत से 03 फीसदी ज्यादा है।
मुख्यमंत्री ने टीम-11 के साथ अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण की चेन को तोड़ने में काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग की भूमिका बहुत ज़्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिये कि इस पर और ज़्यादा ध्यान केन्द्रित करते हुए काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग को पूरी सक्रियता से संचालित किया जाये।
योगी ने लखनऊ और कानपुर नगर की स्थिति के संबंध में इन जिलों के नोडल अधिकारियों क्रमशः अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज और प्रमुख सचिव स्वास्थ्य से स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि इन जनपदों में संक्रमण को नियंत्रित करने की कार्यवाही प्रभावी ढंग से जारी रखी जाये।
मुख्यमंत्री ने धान क्रय केन्द्रों पर सभी ज़रूरी प्रबंध करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि धान बेचने वाले किसान के खाते में हर हालत में धनराशि 72 घण्टे में ट्रांसफर हो जाये। उन्होंने धान क्रय केंद्रों पर जिला प्रशासन के सहयोग से कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना किये जाने के निर्देश भी दिये।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत ज़्यादा से ज़्यादा कार्य हो, जिससे उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर रहे।





