वरिष्ठ संवाददाता लखनऊ। मुख्यमंत्री आयोग्य स्वास्थ्य मेले में लोगों को बेहतर उपचार मिल सके, इसके लिए अब यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी लगाया जायेगा। इसके लिए स्वास्थ्य महानिदेशक ने आईएमए व डीजीएमई को पत्र लिखा है।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला हर रविवार ग्रामीण व शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर आयोजित किया जाता है। मेले में अब आईएमए और चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टर भी मरीजों को इलाज मुहैया करवाएंगे। डीजी हेल्थ डॉ. दीपा त्यागी ने चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण के महानिदेशक और स्टेट इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सचिव को पत्र भेजा है।
पत्र में स्पष्ट किया है कि शासन स्तर पर इसी माह प्रमुख सचिव व अन्य आला अफसरों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा आने वाले मरीजों को गुणवत्तापरक व बेहतर इलाज देने पर सहमति बनी है। मेले में मौके पर विशेषज्ञ डॉक्टर होने से मरीजों को इलाज में अधिक लाभ मिलेगा। उनमें से ज्यादातर मरीजों का इलाज मौके पर ही हो जाएगा। इससे उन्हें बड़े अस्पतालों, चिकित्सा संस्थानों में भी उचित मार्गदर्शन मिलने पर पहुंचने में आसानी होगी।





