लखनऊ। सिनेमा के शौकीनों को अभी हाल या फिर मल्टी प्लेक्स में पिक्चर देखने के लिए और इंतजार करना पड़ेगा। शुक्रवार से शहर के सभी सिनेमा हाल में पिक्चर नहीं चलेगी। सिनेपोलिस, पीवीआर, आइनॉक्स के अलावा सिंगल स्क्रीन सिनेमा हाल में भी अभी प्रिंट नहीं आए हैं। पहले गुरुवार से सिनेमा हाल और मल्टी प्लेक्स शुक्रवार से शुरू होने थे। संचालकों का कहना है कि सबसे अधिक सिनेमा देखने वाले शनिवार और रविवार को पहुंचते हैं। अभी इन दोनों दिन लॉकडाउन जारी है। जब तक इस पर निर्णय नहीं हो जाता है तब तक सिनेमा चलाने से सिवाए बड़े नुकसान के हाथ कुछ नहीं लगने वाला। ऐसे में फिलहाल सिनेमा का संचालन स्थगित ही रहेगा। सख्त गाइड लाइन की वजह से भी दिक्कतें बनी हुई हैं।
यह हैं दिक्कतें
शनिवार और रविवार को लॉकडाउन की बंदी। इन्हीं दोनों दिन ही सिनेमा के शौकीनों की रहती है भीड़। नौ बजे तक की डेटलाइन। यानी शाम आठ बजे से ही लोगों को हॉल से बाहर निकालने की प्रक्रिया करनी होगी शुरू। ऐसे में पूरे शो नहीं हो पाएंगे। खर्च ही नहीं निकलेगा। गाइड लाइन के तहत पचास फीसद का सीटिंग एरेंजमेंट नुकसान पहुंचाएगा।
अभी नई पिक्चर मिलने में दिक्कत हो रही है, इसलिए अभी सिनेमा नहीं शुरू हो सकेगा। तमाम दिक्कतें हैं। सिंगल स्क्रीन सिनेमा हो या फिर मल्टी प्लेक्स अथवा पीवीआर में सिनेमा शुक्रवार से नहीं शुरू होगा।





