लखनऊ। प्रदेश में कोरोना की स्थिति को देखते हुए स्कूल, कॉलेज की तर्ज पर पॉलीटेक्निक संस्थानों में ई कंटेंट वेबसाइट पर डालकर ऑनलाइन के माध्यम से पढ़ाई जारी है। इस क्रम में पॉलिटेक्निक में करीब 30 हजार ई कंटेंट वेबसाइट पर जारी किए गए हैं जिनसे करीब एक लाख छात्र पढ़ रहे हैं।
प्राविधिक शिक्षा परिषद के अनुसार लॉकडाउन खत्म होने के बाद एक महीना पॉलिटेक्निक संस्थान खुलें जाएंगे और इसके बाद परीक्षा को लेकर छात्रों को तैयारियां कराई जाएंगी।
प्राविधिक शिक्षा परिषद सचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि लॉकडाउन खुलने के बाद हर हाल में पॉलिटेक्निक संस्थानों में एक महीने की पढ़ाई होगी। ऐसा इसलिए भी जरूरी होगा क्योंकि छात्रों को प्रैक्टिकल की जानकारी देना और परीक्षा के लिए तैयार करना आवश्यक होगा। संजीव कुमार सिंह ने इसको लेकर रूपरेखा बनाये जाने के निर्देश दे दिए हैं।
उन्होंने बताया कि तीन मई को लॉकडाउन खुलता है तो संस्थानों को एक महीने में छात्रों की पढ़ाई, प्रैक्टिकल और परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी करनी होंगी। इसके लिए अभी से संस्थानों में प्रधानाचार्य और कुछ स्टाफ के साथ विभागीय कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें सबसे जरूरी है छात्रों के परीक्षा फॉर्म और प्रवेशपत्र को आॅनलाइन उपलब्ध कराना। इसके अलावा प्रैक्टिकल की तैयारियों को लेकर भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
लॉकडाउन बढ़ता है तो संस्थानों में नए सत्र की पढ़ाई भी देरी से शुरू होगी। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं। फिलहाल छात्रों की सेमेस्टर परीक्षा करना और उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर परिणाम जारी करना सबसे बड़ी चुनौती होगी। हालांकि लॉकडाउन बढ़ने के साथ यह चुनौतियां और भी बढ़ेंगी क्योंकि अंतिम वर्ष के छात्रों को आगे की पढ़ाई के प्रवेश लेने होता है। ऐसे में देरी से परीक्षा होने और परिणाम आने पर उन्हें आगे की पढ़ाई में परेशानी आ सकती हैं।





