भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह संत तुलसी सम्मान से विभूषित
- भारतीय नववर्ष मेला एवं चैती महोत्सव 8वां दिन
लखनऊ। तुलसी शोध संस्थान उत्तर प्रदेश अन्तर्गत श्री राम लीला समिति ऐशबाग के तत्वावधान में तुलसी रंगमंच श्री राम लीला परिसर में चल रहे 10 दिवसीय भारतीय नववर्ष मेला एवं चैती महोत्सव-2024 की आठवीं सांस्कृतिक संध्या में फरवाही नृत्य संग दुर्गा नृत्य नाटिका ने मंत्र मुग्ध किया।
भारतीय नववर्ष मेला एवं चैती महोत्सव -2024 की सांस्कृतिक सन्ध्या का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर राम लीला समिति के सचिव पं आदित्य द्विवेदी और अध्यक्ष हरीश चन्द्र अग्रवाल ने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह को पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सन्त तुलसी सम्मान से सम्मानित किया। इसके अलावा लखनऊ उत्तरी क्षेत्र के विधायक डॉ नीरज बोरा भी सम्मानित हुए।
आज की सांस्कृतिक सन्ध्या का शुभारंभ सेन्ट्रल एकेडमी विकास नगर के छात्र – छात्राओं ने भक्ति नृत्य की सुरभि बिखेर कर किया। इसी क्रम में पायनियर मांटेसरी स्कूल राजाजीपुरम के छात्रों ने गार्गी आर्या के नृत्य निर्देशन में गणेश वंदना की मनोरम प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के अगले प्रसून में अंकिता बाजपेयी के निर्देशन में नृत्य मंथन स्कूल आॅफ डांस के कलाकारों साक्षी, काश्वी, अनम, अराधाय और आयत ने देवी गीत पचरा मैया खोली न किवड़िया और बाजे अयोध्या में बधाई एवं अयोध्या में बाजे बधाईया राम अयोध्या आए हैं गीत पर अंकिता बाजपेयी ने आकर्षक लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
मन को मोह लेने वाली इस प्रस्तुति के उपरान्त नृत्य सुन्दरम डांस स्टूडियो, विकास नगर की प्रस्तुति के अन्तर्गत पीयूष पान्डेय ने शिव वंदना पर भाव नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भगवान शिव शंकर के शान्त व रौद्र रूप के दर्शन करवाए। इसी क्रम में आन्या पाण्डेय, निमिषा वर्मा, वैष्णवी चतुवेर्दी, नन्दिनी खरे और पीयूष पाण्डेय ने नमो भगवती दुर्गा स्तुति पर भावपूर्ण अभिनय युक्त नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भगवती देवी दुर्गा के नवों रूपों के सुखद प्रस्तुति दी। संगीत से सजे इस कार्यक्रम के पश्चात शीतला प्रसाद वर्मा व साथी कलाकारों ने फरवाही नृत्य की मनोरम छटा बिखेरी। इस अवसर पर भास्कर बोस के निर्देशन में मंचित नाटक महिषासुर मर्दिनी एवं नव दुर्गा ने दर्शकों को भक्ति के सागर में आकन्ठ डुबोया।





