नयी दिल्ली। भारतीय स्क्वाश खिलाड़ी वेलवन सेंथिलकुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेक गणराज्य के ब्रनो में आयोजित 35 हजार डॉलर इनामी चेक ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने शीर्ष वरीयता प्राप्त स्कॉटलैंड के ग्रेग लोब्बन को शिकस्त दी।
विश्व रैंकिंग में 42वें स्थान पर काबिज और प्रतियोगिता में चौथी वरीयता प्राप्त 28 वर्षीय सेंथिलकुमार ने लोब्बन को 13-11, 11-5, 8-11, 11-7 से हराया। इस जीत के साथ उन्होंने अपने करियर का 12वां पीएसए टूर खिताब हासिल किया। यह उनका दूसरा कॉपर-स्तरीय खिताब भी है। इससे पहले उन्होंने अगस्त में बुडापेस्ट ओपन जीतकर इस स्तर पर पहली सफलता दर्ज की थी।
वहीं, अमेरिका के फिलाडेल्फिया में खेले जा रहे 2.41 लाख डॉलर इनामी पीएसए प्लैटिनम टूर्नामेंट यूएस ओपन में भारतीय खिलाड़ियों को निराशा हाथ लगी। मिस्र के विश्व नंबर एक और शीर्ष वरीयता प्राप्त मुस्तफा असल ने पहले दौर में भारत के अभय सिंह को 11-3, 11-1, 11-7 से हराया।
असल ने दूसरे दौर में भी अपना दबदबा कायम रखा और भारत के वीर चोटरानी को 11-1, 11-6, 11-4 से मात देकर प्रतियोगिता में आगे का सफर जारी रखा।




