उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर जा रहा एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। हादसे में अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि लापता दो लोगों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, वाहन गुरुवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। सभी यात्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी और नदी में समा गई।
नदी किनारे मिले पांच शव, दो लोगों की तलाश जारी
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नदी किनारे पांच लोगों के शव बरामद हुए। वाहन में सवार बाकी दो लोग लापता हैं। उनकी तलाश के लिए नदी किनारे और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्र में लापता लोगों की तलाश कर रही हैं। साथ ही वाहन में सवार सभी लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।




