मुंबई। प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हो रहे रियलिटी शो राइज एंड फॉल सीजन 2 के टावर में सत्ता का खेल बेहद पेचीदा और आक्रामक मोड़ पर पहुंच चुका है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग की होस्टिंग वाले इस शो में शहजाद पूनावाला का बतौर रूलर कार्यकाल खत्म होने के कगार पर है और अब गद्दी हथियाने के लिए टावर में खुला तख्तापलट देखने को मिल रहा है. अल्टीमेट रूलर बनने की रेस में अब स्वरा भास्कर और निहारिका तिवारी आमने-सामने आ खड़ी हुई हैं, जिसने वर्कर्स और रूलर्स के समीकरणों को पूरी तरह हिला दिया है।
टावर में सत्ता बदलने का खेल उस वक्त शुरू हुआ जब ऋषभ जायसवाल को अल्टीमेट रूलर की रेस में कंटेस्टेंट स्वैप (बदलने) का स्पेशल पावर मिला। ऋषभ ने बिना वक्त गंवाए निहारिका तिवारी को हटाकर इरीना रुदाकोवा को दावेदार बना दिया. इस फैसले से प्रियंका चाहर चौधरी हैरान रह गईं और उन्होंने ऋषभ को मनाने की कोशिश की, लेकिन असली बाजी वर्कर्स के हाथ लगी।
वर्कर्स ने स्वरा भास्कर का खुलकर समर्थन किया और उन्हें एक रूलर को सीधे रेस से बेदखल करने की ताकत सौंपी। स्वरा ने बिना हिचकिचाहट के ऋषभ जायसवाल को ही बाहर का रास्ता दिखा दिया। इसके बाद निहारिका तिवारी ने अपना आखिरी तुरुप का पत्ता (फाइनल पावर कार्ड) चला। उन्होंने इरीना को रेस से हटाकर खुद को दोबारा अल्टीमेट रूलर की जंग में शामिल कर लिया।




