दूरदर्शन के लोगो को लेकर स्टालिन ने साधा निशाना, कहा- हर चीज का भगवाकरण करना भाजपा की साजिश

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने सार्वजनिक प्रसारक दूरदर्शन के लोगो को लाल से नारंगी किए जाने की आलोचना करते हुए रविवार को कहा कि यह हर चीज का भगवाकरण करने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की साजिश की शुरुआत है।

स्टालिन ने लोगो में बदलाव को लेकर सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि दूरदर्शन पर भगवा दाग लग गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि भाजपा हर चीज का भगवाकरण करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा, ये ( लोगो में बदलाव जैसे कदम) उसी की शुरुआत हैं। जनता 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों में ऐसे फासीवाद के खिलाफ खड़ी नजर आएगी।

स्टालिन ने कहा कि पहले तमिल संत कवि तिरुवल्लुवर का भगवाकरण किया गया था और तमिलनाडु के महान नेताओं की प्रतिमाओं पर भगवा रंग डाला गया था। विपक्ष ने लोगो के रंग में बदलाव को पूरी तरह से अवैध और भाजपा समर्थक पक्षपात को प्रतिबिंबित करने वाला करार दिया है।

Latest Articles