लखनऊ। पूज्य उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर जी महाराज ने आज याहियागंज दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि समय से पहले और भाग्य से अधिक कभी कुछ नहीं मिलता, ऋतु के बिना बाग में कोई फूल भी नहीं खिलता। मनुष्य को निरंतर पुरुषार्थ करते हुए मन में अटूट धैर्य रखना चाहिए, क्योंकि समय आने पर बंद द्वार भी स्वयं खुल जाते हैं। अपने प्रवचन में उपाध्याय श्री ने कहा कि इस कथन का अर्थ यह नहीं है कि मनुष्य प्रयास करना छोड़ दे अथवा सब कुछ केवल भाग्य पर छोड़ दे। वास्तव में संसार की प्रत्येक उपलब्धि और प्रत्येक परिणाम का एक निश्चित समय होता है। जिस प्रकार बीज को कितना भी पानी दिया जाए, वह अपनी ऋतु आने पर ही वृक्ष बनता है, उसी प्रकार जीवन में सफलता भी उचित समय पर ही प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि अधीरता मन को अशांत करती है, जबकि धैर्य व्यक्ति को परिपक्व बनाता है। समय कभी किसी के लिए रुकता नहीं, लेकिन सही समय आने पर बंद द्वार भी खुल जाते हैं। सभा में प्रमुख रूप से समीर जैन, कैलाशचंद जैन कागजी, आदिश जैन, वीर कुमार जैन, गुड्डू जैन, सुमित जैन, चंद्रप्रकाश जैन, रितेश जैन, अजय जैन सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि पूज्य उपाध्याय श्री विहसंत सागर जी महाराज कल चारबाग होते हुए आशियाना दिगंबर जैन मंदिर के लिए विहार करेंगे तथा 9 अक्टूबर को आशियाना पहुंचेंगे। वहां 11 अक्टूबर को महा सरस्वती अर्चना का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से लगभग पाँच हजार श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।




