लखनऊ। डिजिटल अपराधों पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पूर्वी जोन की साइबर सेल ने 15 अक्टूबर को उटर गोमती नगर विद्यालय में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्रों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एसीपी गोमती नगर रत्नेश सिंह और एसीपी गाजीपुर अतुल पाण्डेय ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की अनदेखी नहीं करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं, राजीव टंडन ने वेबिनार के माध्यम से छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए। उन्होंने फर्जी इनाम, नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, फिशिंग लिंक और पेमेंट फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी।
छात्रों को समझाया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध संदेशों पर भरोसा करने और बिना सत्यापन के ऑनलाइन भुगतान करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है। ऐसे मामलों में सतर्कता बरतना और अपनी निजी व बैंकिंग जानकारी को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।
कार्रवाई के साथ जागरूकता पर जोर
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का पूर्वी जोन साइबर सेल साइबर अपराधों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने की दिशा में भी प्रयास कर रहा है। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित व्यवहार के प्रति सजग बनाना और साइबर ठगी की घटनाओं को रोकने में उनकी भागीदारी बढ़ाना रहा।
पुलिस की इस पहल के माध्यम से छात्रों को संदेश दिया गया कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता, सतर्कता और समय पर शिकायत करना महत्वपूर्ण है।




