लखनऊ। महाराजा बिजली पासी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आशियाना, लखनऊ एवं बिरजू महाराज कथक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में दस दिवसीय प्रस्तुतिपरक कथक नृत्य कार्यशाला का आज विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर अंजू सिंह, कार्यशाला के प्रशिक्षक एवं प्रख्यात कथक गुरु अक्षय कुमार, कार्यशाला की संयोजक डॉ. ऋतु शुक्ला तथा महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे और माँ सरस्वती की अर्चना की। कार्यशाला के अंतर्गत बिरजू महाराज कथक संस्थान के प्रख्यात गुरु एवं प्रशिक्षक अक्षय कुमार द्वारा महाविद्यालय की लगभग 50 छात्राओं को कथक नृत्य की प्रारंभिक एवं आधारभूत तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम चरण में छात्राओं को हस्त मुद्राएँ, पद संचालन, तत्कार, लय-ताल तथा कथक के प्रारंभिक टुकड़ों का अभ्यास कराया गया। छात्राओं ने अत्यंत उत्साह एवं रुचि के साथ कथक नृत्य के विभिन्न अवयवों को सीखा तथा गुरु के निर्देशन में उन्हें लय, ताल एवं नृत्य की समरसता के साथ आत्मसात करने का प्रयास किया। प्रतिदिन दो घंटे चलने वाली इस कार्यशाला के माध्यम से महाविद्यालय की छात्राओं को भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक के साथ-साथ नृत्य एवं संगीत के महत्वपूर्ण सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पहलुओं से परिचित होने का अवसर प्राप्त होगा।




