नई दिल्ली: नॉर्थ कोरिया ने एक बार फिर अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करते हुए नया एयर-डिफेंस मिसाइल सिस्टम और लंबी दूरी की रणनीतिक क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया है। सरकारी समाचार एजेंसी KCNA के मुताबिक, 4 नवंबर को किए गए इन परीक्षणों में एयर-डिफेंस सिस्टम की तकनीकी क्षमता, लक्ष्य की पहचान और ट्रैकिंग क्षमता की जांच की गई। नवंबर में यह देश का चौथा हथियार परीक्षण है।
नॉर्थ कोरिया के मिसाइल प्रशासन ने नए डिजाइन वाले एयर-डिफेंस सिस्टम का परीक्षण किया। इसमें नए मैटेरियल और इंटेलिजेंट मल्टीपल गाइडेंस मोड की क्षमता भी परखी गई। KCNA ने परीक्षण को सफल बताते हुए दावा किया कि इससे सिस्टम की विश्वसनीयता और तकनीकी प्रदर्शन की पुष्टि हुई है।
क्रूज मिसाइल ड्रिल में वर्चुअल एयरपोर्ट को बनाया निशाना
इसी दिन नॉर्थ कोरिया की पूर्वी क्षेत्र की लंबी दूरी की रणनीतिक क्रूज मिसाइल यूनिट की एक सब-यूनिट ने भी स्ट्राइक ड्रिल की। इस अभ्यास में वर्चुअल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया। इस तरह के अभ्यास को सैन्य हवाई अड्डों पर हमले और दुश्मन के विमानों की गतिविधियों को ट्रैक करने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
साउथ कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने पहले ही कई मिसाइलों के प्रक्षेपण का पता लगाया था। ये मिसाइलें पूर्वी समुद्र की दिशा में दागी गईं और करीब 300 किलोमीटर से कम दूरी तक गईं। हालांकि, सियोल और वॉशिंगटन अभी इनके सटीक प्रकार का विश्लेषण कर रहे हैं। शुरुआती आंकड़ों से संकेत मिला है कि इनमें अलग-अलग तरह की मिसाइलें शामिल हो सकती हैं।
नवंबर में चौथा हथियार परीक्षण, बढ़ा क्षेत्रीय तनाव
नवंबर में नॉर्थ कोरिया इससे पहले अल्ट्रा-प्रिसिजन रॉकेट लॉन्चर, क्लस्टर बम और डिस्पर्सल वॉरहेड वाली क्रूज मिसाइलों का परीक्षण कर चुका है। लगातार हो रहे इन सैन्य परीक्षणों से कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव बढ़ने की आशंका है। साउथ कोरिया और अमेरिका इन गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
नॉर्थ कोरिया इन परीक्षणों को अपनी रक्षा क्षमता मजबूत करने की कोशिश बताता है, जबकि विशेषज्ञों का मानना है कि इससे क्षेत्रीय सुरक्षा को चुनौती मिलती है और पड़ोसी देशों की चिंताएं बढ़ती हैं।
किम जोंग-उन की सैन्य आधुनिकीकरण रणनीति का हिस्सा
एयर-डिफेंस सिस्टम विकसित करना नॉर्थ कोरिया के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे दुश्मन के विमानों और मिसाइलों से बचाव की क्षमता बढ़ सकती है। वहीं, लंबी दूरी की क्रूज मिसाइलों की ड्रिल के जरिए देश अपनी हमलावर क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है।
ये गतिविधियां किम जोंग-उन के नेतृत्व में नॉर्थ कोरिया की सैन्य आधुनिकीकरण रणनीति का हिस्सा मानी जा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के बावजूद देश लगातार अपने हथियार कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है। इन परीक्षणों से क्षेत्र में कूटनीतिक बातचीत की संभावनाएं और जटिल हो सकती हैं।




