हरिद्वार (उत्तराखंड)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ की धार्मिक महत्ता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के साथ आयोजन से संबंधित सूचनाओं को डिजिटल माध्यमों से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज हरिद्वार के कुम्भ मेला नियंत्रण भवन सभागार में कुंभ मेला -2027 के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और विशेष गीत का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारतीय सभ्यता की प्राचीन परंपराओं, आध्यात्मिक चेतना और जनआस्था से जुड़ा ऐसा महापर्व है, जिसका महत्व देश की सीमाओं से परे भी है। हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुंभ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि सरकार वर्ष 2027 में होने वाले आयोजन को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। लोगो, वेबसाइट और गीत के माध्यम से कुंभ की सांस्कृतिक विशेषताओं को नई पहचान मिलेगी और श्रद्धालुओं तक इसका संदेश पहुंचाने में मदद मिलेगी।
कुंभ मेले के लिए तैयार आधिकारिक लोगो में हरिद्वार के धार्मिक महत्व और प्राकृतिक छटा को प्रमुखता दी गई है। इसके डिजाइन में मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल और सूर्योदय के दृश्य को शामिल किया गया है। साथ ही भगवान शिव की प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथामां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी प्रतीकात्मक रूप से दशार्या गया है। कुंभ के प्रतीक चिह्न को तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। इस प्रक्रिया में सैकड़ों प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। चयन समिति ने उनमें से 13 उत्कृष्ट और मौलिक डिजाइनों पर विचार करने के बाद मधु शर्मा की रचना को सर्वश्रेष्ठ चुना। मधु शर्मा विकासनगर के जगजीतपुर, हरिद्वार की निवासी हैं। उनकी डिजाइन के आधार पर ही कुंभ-2027 का आधिकारिक लोगो तैयार किया गया। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कुंभ संबंधी प्रामाणिक जानकारी को अधिक व्यवस्थित तरीके से प्रसारित करने और देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालुओं तक पहुंच बनाने का लक्ष्य है। यह माध्यम आयोजन की पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने के साथ लोगों को कुंभ से जोड़ने में भी उपयोगी होगा।
कार्यक्रम में कुंभ के आधिकारिक गीत का भी लोकार्पण किया गया। साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया बोलों से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आगमन की खुशी, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की भावनाओं को स्वर देता है। हरिद्वार के गायक राघव राजा ने गीत के बोल लिखने, गायन और संगीत तैयार करने की जिम्मेदारी निभाई है। गीत को कुंभ के सांस्कृतिक प्रचार का माध्यम बनाया जाएगा, ताकि आयोजन के प्रति उत्साह और धार्मिक जुड़ाव को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिल सके। कुंभ के लोगो, वेबसाइट और गीत का एक साथ लोकार्पण राज्य सरकार की प्रचार रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रतीक चिह्न आयोजन को विशिष्ट दृश्य पहचान देगा, वेबसाइट सूचनाओं के प्रसार में मदद करेगी और गीत कुंभ से जुड़ी भावनाओं को लोगों तक पहुंचाएगा।
लोकार्पण समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित मेला प्रशासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।




