लखनऊ: दिवाली के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को बम धमाकों से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। धमकी भरे ई-मेल में मथुरा, अयोध्या और काशी के मंदिरों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके अलावा स्कूलों और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी धमकी दी गई है। ई-मेल में 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच धमाके करने की चेतावनी दी गई है। वहीं दिवाली के दिन सुबह 9:11 से 11:11 बजे के बीच मंदिर में विस्फोट करने की धमकी का भी उल्लेख है।
खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए ई-मेल का दावा
धमकी भरा ई-मेल कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़े इंजीनियर गुरुनख सिंह, रौनक शाहवाला और डॉ. गुरुनिरवर सिंह खानरजादा के नाम से भेजे जाने का दावा किया गया है। हालांकि, ई-मेल में किए गए दावों और इसमें जिन लोगों का नाम सामने आया है, उनकी भूमिका की अभी पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं।
यूपी एटीएस और साइबर सेल ने शुरू की जांच
धमकी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश एटीएस और साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। एजेंसियां ई-मेल के स्रोत, उसे भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए तकनीकी माध्यमों और संबंधित लोगों की पहचान का पता लगाने में जुटी हैं।
जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि धमकी के पीछे वास्तव में किसी आतंकी नेटवर्क का हाथ है या फिर किसी ने दहशत फैलाने के इरादे से यह संदेश भेजा है। फिलहाल किसी संगठन की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मथुरा से काशी तक मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाई गई
धमकी के बाद मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि, रेलवे स्टेशन और वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। अयोध्या और काशी के प्रमुख मंदिरों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते को भी जांच में लगाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां मंदिरों, स्कूलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाकर किसी भी संभावित खतरे से निपटने की तैयारी कर रही हैं।




