लखनऊ। अखिल भारतीय सांस्कृतिक संस्थान, लखनऊ द्वारा आयोजित गांधी जयंती नाट्य महोत्सव (36वां वार्षिक समारोह) का शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश के सहयोग से तथा उत्तर प्रदेश गांधी स्मारक निधि के संयुक्त तत्वावधान में महोत्सव की पहली नाट्य प्रस्तुति मायाजाल का मंचन गांधी भवन प्रेक्षागृह, में किया गया।
नाटक मायाजाल का लेखन एवं निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी, नाट्य लेखक, निर्देशक एवं अभिनय प्रशिक्षक राजेन्द्र तिवारी ने किया है। यह नाटक समाज में व्याप्त भ्रम, संघर्ष, रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है। नाटक के माध्यम से दर्शकों को जीवन की वास्तविकताओं और सामाजिक चुनौतियों पर विचार करने का अवसर मिलेगा।
नाटक की कहानी वर्तमान समय में समाज में बढ़ रही महिलाओं द्वारा की जा रही हिंसा की अनेक घटनाओं को आधार बनाती है। ऐसी घटनाएं और हिंसक मानसिकता समाज के लिए गंभीर एवं घातक चुनौती बनती जा रही हैं। नाटक का उद्देश्य समाज को अहिंसा के प्रति जागरूक करना और हिंसा की मानसिकता के दुष्परिणामों पर विचार करने के लिए प्रेरित करना है। रहस्य और रोमांच से भरपूर यह नाटक कुछ दिनों पूर्व घटित एक रहस्यमयी घटना को आधार बनाकर आगे बढ़ता है। कहानी में एक पत्नी अपने पति को किसी बहाने से पहाड़ी पर ले जाती है और अपने प्रेमी के माध्यम से उसे खाई में धक्का दे देती है। इसके बाद घटनाक्रम किस प्रकार आगे बढ़ता है और इस रहस्यमयी घटना के पीछे छिपे सच की परतें किस तरह सामने आती हैं, यही नाटक की कथा को रोचक और प्रभावशाली बनाता है। नाटक में क्रिएटिव डायरेक्टर एवं सहायक निर्देशक की जिम्मेदारी निष्ठा तिवारी ने संभाली है। नाटक में अनुभवी एवं प्रतिभाशाली कलाकारों की सशक्त प्रस्तुति देखने को मिलेगी। अपनी अभिनय प्रतिभा से कलाकारों ने अपने-अपने पात्रों को जीवंत कर दिया है। नाटक में देविका पटेल, अर्श, अक्षरिका दास, मोनिका भारती, संदीप मिश्रा, ललित कुमार पांडे, रोशन तिवारी, आर्यन सिंह, शिवम भारद्वाज, रतिकान्त दास, लक्ष्मी सोनी, अजय कुमार श्रीवास्तव, आशी अग्रवाल, शिव शेट्टी, आदर्श मिश्रा, ज्ञानेंद्र गुप्ता, संजय यादव, राजपति साहू, सचिन यादव आदि कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मायाजाल दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक संदेश देने वाला एक सार्थक और प्रभावशाली नाट्य अनुभव प्रदान करेगा। नाटक के माध्यम से समाज में बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों, मानवीय रिश्तों और संवेदनाओं पर गंभीरता से विचार करने का संदेश दिया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष अश्वनी कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में कार्यक्रम का सफल आयोजन संस्था के सदस्यों ललित पांडे, संदीप मिश्रा, गणेश रावत, अमित तिवारी, राकेश वर्मा, अश्वनी विश्वकर्मा, राकेश तिवारी, एकता अग्रवाल, दिलकश रिजवी, राज त्रिपाठी, सचिन सिंह, अंजना तिवारी, के.के. अवस्थी, अमरेन्द्र सहाय, इकबाल भाई आदि के प्रमुख सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से सम्पन्न हो रहा है। संस्था के सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों के सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है।




