लखनऊ। वजीरगंज इलाके के एसए अपार्टमेंट में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इमारत को लेकर सुरक्षा संबंधी आशंका सामने आई। एहतियात के तौर पर अपार्टमेंट में मौजूद करीब 400 से 500 लोगों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ ही लोगों को व्यवस्थित तरीके से अपार्टमेंट से बाहर निकाला गया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
बताया जा रहा है कि अपार्टमेंट की संरचना को लेकर आशंका के चलते एहतियाती कदम उठाया गया है। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए राहत और बचाव की तैयारियां भी की गई हैं। आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रशासन की ओर से लोगों से घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है। फिलहाल अपार्टमेंट को खाली कराने की प्रक्रिया जारी है और अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं। अभी तक किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।




