नई दिल्ली: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग काम और दूसरी जिम्मेदारियों के बीच अपनी सेहत को नजरअंदाज करने लगे हैं। अनियमित दिनचर्या, खानपान में लापरवाही और कुछ गलत आदतों का असर अब कम उम्र में ही शरीर पर दिखाई देने लगा है। किसी के बाल समय से पहले सफेद हो रहे हैं तो किसी के चेहरे पर झुर्रियां और त्वचा की चमक गायब होने लगी है। इसके अलावा कमजोरी और लगातार थकान जैसी परेशानियां भी बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, जीवनशैली से जुड़ी कुछ आदतें शरीर में समय से पहले बुढ़ापे के लक्षण बढ़ा सकती हैं। ऐसे में स्वस्थ और लंबे समय तक सक्रिय रहने के लिए इन आदतों में बदलाव करना जरूरी है।
1. शरीर में पानी की कमी न होने दें
पर्याप्त पानी पीना सेहत के साथ त्वचा के लिए भी बेहद जरूरी है। शरीर में पानी की कमी होने पर त्वचा की नमी प्रभावित हो सकती है और वह रूखी दिखाई देने लगती है। इससे झुर्रियां और उम्र बढ़ने के दूसरे लक्षण अधिक नजर आ सकते हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। इसलिए दिनभर नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें और शरीर को पानी की कमी से बचाएं।
2. खाने में ज्यादा नमक लेने की आदत छोड़ें
जरूरत से ज्यादा नमक खाना भी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अधिक सोडियम का सेवन शरीर की कोशिकाओं पर नकारात्मक असर डाल सकता है और उम्र से जुड़ी प्रक्रियाओं को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा ज्यादा नमक खाने से उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ता है। इसलिए खाने में नमक की मात्रा सीमित रखें। इसके साथ ही देर रात तक जागने की आदत से भी बचें। पर्याप्त नींद नहीं लेने से शरीर का चयापचय प्रभावित हो सकता है और वजन बढ़ने जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं।
3. धूम्रपान और तंबाकू से बना लें दूरी
सिगरेट और तंबाकू का सेवन शरीर को समय से पहले उम्रदराज बना सकता है। धूम्रपान का सबसे ज्यादा असर त्वचा पर भी दिखाई देता है। इससे त्वचा रूखी और बेजान होने लगती है। दरअसल, धूम्रपान शरीर में ऐसे एंजाइम की सक्रियता बढ़ा सकता है, जो कोलेजन को नुकसान पहुंचाते हैं। कोलेजन त्वचा की मजबूती और लचीलेपन को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। इसके कमजोर होने से त्वचा ढीली पड़ सकती है और चेहरे पर झुर्रियां जल्दी दिखाई देने लगती हैं।
4. शराब पीने की आदत से बचें
शराब का नियमित और अधिक सेवन भी समय से पहले बुढ़ापे के लक्षण बढ़ा सकता है। इसका नकारात्मक असर लिवर, दिल, किडनी और त्वचा सहित शरीर के कई अंगों पर पड़ता है। लंबे समय तक शराब का सेवन शरीर की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा यह मस्तिष्क से जुड़ी कई समस्याओं का जोखिम भी बढ़ा सकता है। इसलिए बेहतर स्वास्थ्य के लिए शराब से दूरी बनाना जरूरी है।
5. अनियमित दिनचर्या को बनाएं स्वस्थ जीवनशैली
भागदौड़ भरी जिंदगी में देर रात तक जागना, पर्याप्त आराम नहीं करना और खानपान का समय निश्चित नहीं रखना भी शरीर पर बुरा असर डाल सकता है। ऐसी आदतों से थकान, कमजोरी और वजन बढ़ने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या अपनाएं, पर्याप्त नींद लें और संतुलित भोजन के साथ शारीरिक गतिविधियों को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाएं।




