प्रधानमंत्री के गढ़ से पूर्वांचल को साधने की कोशिश
वाराणसी पहुंचकर अखिलेश यादव ने स्थानीय मुद्दों के साथ पूरे पूर्वांचल की राजनीति को साधने का प्रयास किया। उन्होंने धर्म और विकास से जुड़े सवालों के अलावा किसानों की समस्याओं, वोट चोरी और पीडीए के मुद्दे पर भी बीजेपी को घेरा। सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने पर काशी में मेट्रो का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही वरुणा नदी की सफाई कर उसे साबरमती नदी से भी बेहतर बनाने की बात कही।
धीरेंद्र शास्त्री के आश्रम पर बुलडोजर चलाने की मांग
बाबा बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए विवादित बयान पर अखिलेश यादव ने एक बार फिर नाराजगी जताई। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार से मांग की कि धीरेंद्र शास्त्री के आश्रम पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कराया जाए। साथ ही उनके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाने चाहिए। इससे पहले भी अखिलेश इस बयान को लेकर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।
मणिकर्णिका घाट विवाद पर बीजेपी को घेरा
वाराणसी की दोनों एमएलसी सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत को अखिलेश यादव ने बाबा विश्वनाथ का दोहरा आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि मणिकर्णिका घाट पर तोड़फोड़ की सजा बीजेपी को मिली है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि एमएलसी चुनाव में चंडीगढ़ जैसा खेल खेलने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी पार्टी ने ऐसा नहीं होने दिया।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी अपने 200 से ज्यादा विधायकों के टिकट काट सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार बड़ी संख्या में मंत्रियों के टिकट कटेंगे और वाराणसी से आने वाले मंत्रियों को भी टिकट से वंचित होना पड़ सकता है।
बीजेपी की पदयात्रा को बताया अराजकता की पदयात्रा
वोट चोरी के आरोपों को लेकर बीजेपी की ओर से निकाली जा रही पदयात्रा पर भी अखिलेश यादव ने निशाना साधा। उन्होंने इसे अराजकता की पदयात्रा करार दिया। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर चुनाव जीतती रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से हिंदू वोट कटने को लेकर जताई गई चिंता पर भी अखिलेश ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह योगी जी का रामलीला मैदान में इंतजार कर रहे थे, उन्हें भी वहां आना चाहिए था। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की हर विधानसभा सीट पर बीजेपी के 31 हजार वोट कम हो रहे हैं।
राम मंदिर के चंदे का मुद्दा उठाकर बीजेपी पर हमला
अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी करने वालों को सजा भगवान राम ही देंगे। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही उन्हें क्लीन चिट मिल गई हो, लेकिन ऊपर वाला उन्हें कब क्लीन चिट देगा।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि मंदिर में चढ़ावे की चोरी हुई और इसके चलते कर्मचारियों को जेल भेजना पड़ा। उन्होंने वाराणसी में मणिकर्णिका घाट पर हुई तोड़फोड़ के साथ दालमंडी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए।
ओपी राजभर पर तंज, बोले- उनका ओटीपी कहीं और से आता है
अखिलेश यादव ने पूर्व सहयोगी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर भी निशाना साधा। पिछले विधानसभा चुनाव में सपा और सुभासपा के बीच गठबंधन था, जिसका फायदा गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ और अंबेडकरनगर जैसे जिलों में सपा को मिला था। हालांकि, अब ओम प्रकाश राजभर बीजेपी के साथ हैं।
सोशल मीडिया पर राजभर की ओर से किए जाने वाले हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश ने कहा कि ओपी राजभर का ओटीपी कहीं और से आता है। राजभर के खुद को सबसे बड़ा गुंडा बताने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें 50 सीटें पाने के लिए कही जा रही हैं।
पूर्वांचल में चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटी सपा
वाराणसी दौरे के दौरान अखिलेश यादव के बयानों से साफ है कि समाजवादी पार्टी एमएलसी चुनाव की जीत के बाद पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी पीडीए के सामाजिक समीकरण, धार्मिक मुद्दों, किसानों की समस्याओं और स्थानीय विकास के सवालों को चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश में है। बीजेपी के सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मजबूत राजनीतिक मौजूदगी को देखते हुए सपा प्रमुख ने विधानसभा चुनाव से पहले ही अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।




